Rajasthan Rain: राजस्थान में भारी बारिश और बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत, कई घायल

Rajasthan Rain: दक्षिण पश्चिम मानसून के रविवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में दस्तक देने के साथ उदयपुर, कोटा, बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश में अब तक पाली, चित्तौड़गढ़ और बारां जिलों में 4 लोगो की मौत हो गई। जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। मौसम विभाग (IMD) ने अजमेर, भीलवाडा, टोंक सहित कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है

अपडेटेड Jun 26, 2023 पर 5:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rajasthan Rain: IMD ने अजमेर, भीलवाडा, टोंक सहित कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में अगले सप्ताह दक्षिण पश्चिम मानसून की एंट्री बताई जा रही थी। लेकिन इसका असर अभी से दिखने लगा है। रविवार 25 जून को ही राज्य में मौसम में हुए बदलाव के चलते कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून के रविवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में दस्तक देने के साथ उदयपुर, कोटा, बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश में अब तक पाली, चित्तौड़गढ़ और बारां जिलों में चार लोगो की मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अजमेर, भीलवाडा, टोंक सहित कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है।

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह तक अलवर के कठूमर में 10 सेंटीमीटर, राजसमंद के खमनौर में 10 सेंटीमीटर, झुंझुनूं के सूरजगढ में 8 सेंटीमीटर, अलवर के थानागाजी में 8 सेंटीमीटर, चित्तोडगढ के भैंसरोडगढ़ में 7 सेंटीमीटर, सीकर के अजीतगढ़ में 7 सेंटीमीटर, कोटा में 7 सेंटीमीटर, कोटा के रामगंज मंडी में 7 सेंटीमीटर, अलवर के कोटकासिम में 6 सेंटीमीटर और दौसा के बसवार में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कहां-कहां हुई घटना?


पुलिस ने बताया कि पाली में रविवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से 21 वर्षीय दिनेश नामक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि बारां के पटपडी में दो चचेरे भाइयों और चित्तौड़गढ़ में 10 साल की एक बच्ची की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं, निम्बाहेडा उपखंड के बडौली घाटा ग्राम पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से एक खेत में पेड़ के नीचे बैठे एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि रविवार को बडौली घाटा निवासी तीनों भाई- सुरेश, पृथ्वीराज और चतुर्भुज तथा उनका भतीजा महेश बारिश में एक पेड़ के नीचे बैठे थे। उसने कहा कि इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चारों घायल हो गए। चारों को निम्बाहेडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 200 से अधिक पर्यटक फंसे, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम केंद्र जयपुर के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में अजमेर, अलवर, बांसवाडा, बारां, भरतपुर, भीलवाडा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। IMD ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के जिलों में 30 से 50 किमी गति की हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।