Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में अगले सप्ताह दक्षिण पश्चिम मानसून की एंट्री बताई जा रही थी। लेकिन इसका असर अभी से दिखने लगा है। रविवार 25 जून को ही राज्य में मौसम में हुए बदलाव के चलते कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून के रविवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में दस्तक देने के साथ उदयपुर, कोटा, बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश में अब तक पाली, चित्तौड़गढ़ और बारां जिलों में चार लोगो की मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अजमेर, भीलवाडा, टोंक सहित कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है।
