Ram Mandir Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) नए साल की शुरुआत में 22 जनवरी को अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) के मुख्य द्वार अपने हाथों से खोलेंगे। इसके बाद वह भव्य प्रतिष्ठा समारोह में उपस्थित लोगों को मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार 'सिंह द्वार' (Singh Dwar) के सामने से ही संबोधित भी करेंगे। इस अभिषेक समारोह में भव्य मंदिर के द्वार आने वालों के लिए खोल दिए जाएंगे। ऐसा अनुमा है कि 22 जनवरी को अभिषेक के लिए लाखों भक्त शहर में आ सकते हैं।
इस बीच, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले ट्रस्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की आज बैठक होने वाली है।
ET की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि चर्चा भगवान राम की मूर्ति पर केंद्रित होगी, जिसे 22 जनवरी को मंदिर के भव्य उद्घाटन या अभिषेक के समय भव्य मंदिर के गर्भगृह के अंदर स्थापित किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान 22 जनवरी को मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। रामलला की मूर्ति के चयन के लिए ट्रस्ट की एक और बैठक होगी।
इससे पहले दिन में, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भव्य आयोजन से पहले शहर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
इससे पहले, बुधवार को ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा था कि भगवान राम की 51 इंच ऊंची मूर्ति, जो भगवान राम के बचपन के स्वरूप को दर्शाती है, उसके तीन डिजाइनों में से चुना जाएगा। उन्होंने कहा, "जिसमें सबसे अच्छी दिव्यता होगी और उसका स्वरूप बच्चों जैसा होगा, उसे चुना जाएगा।"
राय ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के नक्शे का वर्णन करते हुए कहा कि पूरे ढांचे के निर्माण में कुल 21-22 लाख घन फीट पत्थर का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा, "पत्थर का इतना बड़ा स्ट्रक्चर पिछले 100-200 सालों में भी उत्तर या दक्षिण भारत में कभी नहीं बनाया गया है।"