Red Fort Restaurant: अगर आप लाल किला (Red Fort) घूमने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब आप यहां घूमने के साथ-साथ खाने का भी आनंद ले सकते हैं। कैफे दिल्ली हाइट्स (Cafe Delhi Heights) के नए आउटलेट के साथ लाल किले में रेस्टोरेंट की शुरुआत की गई है। इसमें खास बात यह है कि लाल किला देश का पहला ऐसा राष्ट्रीय स्मारक बन गया है, जहां रेस्टोरेंट है। इस रेस्टोरेंट को मुगल स्मारक की तरह से डिजाइन करके बनाया गया है। इसकी दीवारों पर इतिहास की जाानकारी दी गई है। यहां पर आप पुरानी और ऐतिहासिक चीजों का मजा ले सकते हैं।
छत्ता बाजार के ग्राउंड फ्लोर में है रेस्टोरेंट
आज से लाल किले में यह रेस्टोरेंट शुरू हो रहा है। इसे छत्ता बाजार (Chatta Bazaar) के ग्राउंड फ्लोर पर बनाया गया है। इसके खुलने का समय लाल किले के अनुसार ही रहेगा। यानी सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक। जिस तरह लाल किला सोमवार को बंद रहता है। उसी तरह यह रेस्टोरेंट भी सोमवार को बंद रहेगा। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक यह रेस्टोरेंट डालमिया ग्रुप, Archaeological Survey of India (ASI) और कैफे दिल्ली हाइट्स के बीच समझौते का हिस्सा है। बता दें कि डालमिया ग्रुप भारत सरकार के अडॉप्ट-अ-हेरिटेज स्कीम के तहत करीब चार साल पहले साल 2018 में लाल किला की स्मारक मित्र बनी थी। यानी उसके रखरखाव का जिम्मा डालमिया ग्रुप को मिला था।
रेस्टोरेंट में मिलेंगी ये डिश
रेस्टोरेंट में सैलानियों को पास्ता, बर्गर, मैगी, मुंबई वड़ा पाव, बर्गर, सलाद, ऐपेटाइजर, पिज्जा, लसग्ने, दाल माखन वाला, राजस्थानी लाल मास और जम्मू स्पेशल राजमा चावल मिलेगा। मीठे में मोतीचूर लड्डू, चीज केक और चॉकलेट मड-केक को शामिल किया गया है। कहा जा रहा है कि इस आउटलेट में अन्य आउटलेट्स के मुताबिक, 30-40 फीसदी कीमत कम रखी गई है। इस रेस्टोरेंट में 30 रुपये के समोसा से लेकर 500 रुपये तक की डिश ऑर्डर कर सकते हैं। यह रेस्टोरेंट शुद्ध शाकाहारी है।