Get App

पॉर्न फिल्म मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

कुंद्रा के अलावा पुलिस ने दूसरे आरोपी रयान थोरपे को भी अदालत में पेश किया, अदालत ने उसकी हिरासत की अवधि भी 27 जुलाई तक बढ़ा दी

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 23, 2021 पर 4:42 PM
पॉर्न फिल्म मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

पॉर्न (अश्लील) फिल्में बनाने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में मुंबई की एक अदालत ने बिजनेसमैन और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आपको बता दें कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुंद्रा की गिरफ्तारी की थी। पुलिस ने बताया कि कुंद्रा इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता हैं।

कुंद्रा को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 19 जुलाई की रात को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूर्व की हिरासत की अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार को उन्हें मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने मामले में और जांच के मकसद से उनकी हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया।

Raj Kundra: क्राइम ब्रांच के हाथ लगे 30 मिनट के 70 पॉर्न वीडियो, बने थे छोटे प्रोडक्शन हाउस में

पुलिस ने इससे पहले अदालत को बताया था कि 45 वर्षीय कारोबारी अश्लील फिल्मों के निर्माण एवं बिक्री की अवैध गतिविधि से आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने दावा किया कि उसने कुंद्रा का मोबाइल फोन जब्त किया है और इसमें मौजूद सामग्रियों की जांच जरूरी है और साथ ही उनके कारोबारी सौदों एवं लेन-देन को भी देखना होगा। कुंद्रा के अलावा, पुलिस ने दूसरे आरोपी रयान थोरपे (Ryan Thorpe) को भी अदालत में पेश किया। अदालत ने उसकी हिरासत की अवधि भी 27 जुलाई तक बढ़ा दी।

मुंबई पुलिस ने एक बयान में कहा कि अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने का मामला मुंबई क्राइम ब्रांच में फरवरी 2021 में दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि वह इसमें मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं। हमारे पास इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं। उपनगरीय मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था।

राज कुंद्रा WhatsApp Group के जरिए चलाते थे पॉर्न बिजनेस, पुलिस की जांच में खुलासा

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया था और अपनी शिकायत में कुछ आरोप लगाए थे, जिसके बाद FIR दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि इस आधार पर FIR दर्ज की गई और क्राइम ब्रांच को मामला सौंपा गया। इससे पहले भी हमने अश्लील फिल्म बनाने के संबंध में मामले दर्ज किए थे, जिनमें एक अभिनेत्री और कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें