भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता (Solicitor General of India Tushar Mehta) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उनमें कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि उनमें रविवार रात को कोविड-19 की पुष्टि हुई और वह आइसोलेट हैं।
मेहता ने एक बयान में कहा कि चूंकि मुझे शनिवार से हल्के लक्षण थे, इसलिए मैंने शनिवार से ही खुद को आइसोलेट कर लिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे खेद है कि मैं व्यक्तिगत रूप से ऐतिहासिक शपथ का गवाह नहीं बन पाऊंगा।
सॉलिसिटर जनरल सोमवार को शीर्ष अदालत में दो-तीन छोटे-मोटे मामलों में डिजिटल माध्यम से पेश होंगे और उसके बाद कुछ दिनों की छुट्टी लेंगे। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमना ने उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 16,866 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,39,05,621 हो गई। देश में 168 दिन बाद दैनिक संक्रमण दर सात प्रतिशत के पार पहुंच गई है।
भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने की वजह से पाकिस्तान में हवाई या भूमि मार्ग से पहुंचने वाले भारतीय यात्रियों की प्रवेश सभी रास्तों पर निगरानी की जाएगी, जिसमें करतारपुर गलियारा भी शामिल है।