पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी बन सकते हैं BCCI के अगले अध्यक्ष, सौरव गांगुली की लेंगे जगह: रिपोर्ट

भारत के पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी अगले बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सौरव गांगुली की जगह लेने की रेस में सबसे आगे है, इस बारे में आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा

अपडेटेड Oct 07, 2022 पर 10:27 PM
रोजर बिन्नी भारत के पूर्व क्रिकेटर और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य हैं

पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी (Roger Binny) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अगले अध्यक्ष बन सकते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। एएनआई ने कहा, "भारत के पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी अगले बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) की जगह लेने की रेस में सबसे आगे है। इस बारे में आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा।"

कौन हैं रोजर बिन्नी?

रोजर बिन्नी भारत के पूर्व क्रिकेटर और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य हैं। वे भारत के पूर्व चयनकर्ता रह चुके हैं और इस समय कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के अध्यक्ष हैं। उन्हें BCCI के आगामी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से पहले कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया गया है। रोजर बिन्नी कर्नाटक के रहने वाले हैं और उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी ने भी टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है।

18 अक्टूबर को BCCI अध्यक्ष के लिए मतदान


BCCI अध्यक्ष के लिए उम्मीदवारों को 11 और 12 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करना होगा। इसके बाद 13 अक्टूबर को नामांकन की जांच की जाएगी। 14 तारीख तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। दो से अधिक दावेदार होने पर 18 अक्टूबर को मतदान होगा।

यह भी पढ़ें- Stocks to Buy: IPO के बाद 4 महीने में 90% चढ़ा यह शेयर, ब्रोकरेज ने कहा- 764 रुपये तक जा सकती है कीमत

सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई सचिव जय शाह भी अध्यक्ष बनने की दौड़ में नहीं हैं, लेकिन वे फिर से उसी पद यानी सचिव के लिए चुनाव लड़ेंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक एजीएम बैठक में BCCI जय शाह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं और कोषाध्यक्ष अरुण धूमल को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा एजीएम में राज्य निकाय का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया गया है। BCCI के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर के बेटे अद्वैत मनोहर विदर्भ क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे जबकि आशीष शेलार को मुंबई क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।