Olympics In India: ओलंपिक के लिए भारत ने बढ़ाया पहला कदम, IOC को पत्र लिखकर 2036 में ठोका मेजबानी का दावा

2036 Olympics In India: भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की संभावित मेजबानी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के मेजबान आयोग को मेजबानी का दावा ठोकते हुए एक पत्र सौंप दिया है

अपडेटेड Nov 05, 2024 पर 4:31 PM
Story continues below Advertisement
2036 Olympics In India: ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) को सौंप दिया है

2036 Olympics Games In India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2036 में भारत में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने आधिकारिक तौर पर पहली इस बारे में रुचि व्यक्त की है। IOA ने इंटरनेशनल ओलंपिक समिति (IOC) के भावी मेजबान आयोग को एक पत्र सौंप दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार भारत के लिए ओलंपिक और पैरालिंपिक की मेजबानी करने की इच्छा व्यक्त की है, जो देश के खेल भविष्य के लिए इस बोली के महत्व को रेखांकित करता है।

भारत ने 2036 में होने वाले ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की दिशा में पहला बड़ा कदम उठाते हुए देश की इच्छा व्यक्त करने से संबंधित आशय पत्र अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOA) को सौंप दिया है। खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने यह पत्र एक अक्टूबर को आईओसी को सौंपा था। सूत्र ने कहा, "यह महत्वपूर्ण अवसर पूरे देश में आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देकर पर्याप्त लाभ दिला सकता है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल सबसे पहले 2036 ओलंपिक की मेजबानी की अपनी सरकार की इच्छा के बारे में बात की थी। आईओसी के अगले साल होने वाले चुनावों से पहले मेजबान पर निर्णय नहीं लिया जाएगा। भारत को मेजबानी की दौड़ में सऊदी अरब, कतर और तुर्की जैसे कई अन्य देशों की कड़ी चुनौती का सामना भी करना पड़ेगा जो खुद को इस खेल महाकुंभ की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में पेश कर रहे हैं।


आशय पत्र का क्या है मतलब?

आशय पत्र सौंपने का मतलब है कि देश ओलंपिक का मेजबान चुनने की प्रक्रिया में अनौपचारिक संवाद से निरंतर संवाद के चरण में पहुंच गया है। इस चरण में आईओसी संभावित मेजबान की खेलों से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का व्यवहारिक अध्ययन करता है। आईओसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कहा, "व्यवहारिक मूल्यांकन में कई चीजों पर ध्यान दिया जाता है जिनमें मानवाधिकार, सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए व्यवसाय (बीएसआर) और अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) से जुड़े तथ्य शामिल हैं।"

अब आगे क्या?

प्रक्रिया का अगला चरण टारगेटेड संवाद होगा, जिसके लिए औपचारिक बोली जमा करने की आवश्यकता होगी। इसका मूल्यांकन भविष्य का मेजबान आयोग करेगा। यह प्रक्रिया आखिर में मेजबान देश के चुनाव के साथ समाप्त होगी। भारत की मेजबानी के दावे को आईओसी के वर्तमान प्रमुख थॉमस बाक का समर्थन भी हासिल है। भारत ने इससे पहले 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। इन खेलों का आयोजन नई दिल्ली में किया गया था लेकिन ओलंपिक 2036 के लिए अहमदाबाद को मेजबान शहर बनने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।

IOC अध्यक्ष पीटी उषा सहित भारत के शीर्ष खेल प्रशासक देश की पैरवी करने के लिए इस साल पेरिस ओलंपिक में थे। यह भी पता चला है कि यदि भारत को मेजबानी मिलती है तो वह योग, खो-खो और कबड्डी जैसे स्वदेशी खेलों को शामिल करने पर जोर देगा। भारतीय खेल प्राधिकरण के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने नए खेल मंत्री मनसुख मांडविया को ओलंपिक मेजबानी हासिल करने के लिए आवश्यक उपायों पर एक विस्तृत रिपोर्ट भी पेश की है।

ये भी पढ़ें- WiFi on flights: अब आसमान में भी रील्स बनाने की लगेगी होड़! फ्लाइट में इंटरनेट इस्तेमाल को लेकर नया आदेश जारी

इस रिपोर्ट में एमओसी ने छह खेलों की पहचान की है जिन्हें भारत को मेजबानी मिलने पर ओलंपिक में शामिल किया जाएगा। इन खेलों में योग, खो खो, कबड्डी, शतरंज, टी20 क्रिकेट और स्क्वाश शामिल हैं। पीएम मोदी ने पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों से कहा था उनके अनुभव 2036 खेलों की योजना और तैयारी के प्रयासों में सहायक होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।