Manu Bhaker-Sarabjot Singh Bronze Medal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार (30 जुलाई) को पेरिस ओलिंपिक खेलों में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाजों मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई देते हुए उनके टीमवर्क की सराहना की। भाकर और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16 .10 से हराकर देश को इस ओलिंपिक में दूसरा मेडल दिलाया। भाकर आजादी के बाद एक ओलिंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य जीता था।
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है। ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत बेहद खुश है।" उन्होंने कहा, "मनु का यह लगातार दूसरा ओलिंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण की बानगी पेश करता है।"
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, "शूटिंग के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम इवेंट में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है, वो एक ही ओलिंपिक खेलों में दो मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं। उन्होंने हमें बहुत गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें और सरबजोत सिंह को भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।"
भारतीय निशानेबाज के कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर की मां सुमेधा भाकर ने कहा, "बहुत ज्यादा खुश हूं....मैं दोनों बच्चों (मनु भाकर और सरबजोत सिंह) के लिए खुश हूं। भगवान ने आज सब कुछ सफल कर दिया।" वहीं, सरबजोत सिंह के पिता जीतेंद्र सिंह ने कहा, "मनु भाकर और मेरे बेटे ने कांस्य पदक जीता है। मनु भाकर और उनके परिवार को हार्दिक बधाई। हम बहुत खुश हैं... सबसे पहले, मैं गुरुद्वारा जाऊंगा और मत्था टेकूंगा...हमारे गांव में जश्न मनाया जाएगा।''
मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने पर उनके पिता राम किशन भाकर ने कहा, "ये बहुत बड़ी खुशखबरी है इसके लिए मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना प्यार और आर्शीवाद दिया और मनु की मदद की।....हम उम्मीद करते हैं कि आगे वो अच्छा करेगी।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम इवेंट में मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। मनु भाकर ने एक ही ओलंपिंक में दो मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। मनु भाकर और सरबजोत सिंह पूरे देश को आप दोनों पर गर्व है। खूब बधाई एवं शुभकामनाएं।"
आत्मविश्वास से भरी मनु भाकर ने आजादी के बाद एक ही ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है जिन्होंने सरबजोत सिंह के साथ पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16. 10 से हराकर देश को इस ओलिंपिक में दूसरा पदक दिलाया। इससे पहले मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य जीता था। टोक्यो ओलिंपिक में मनु पिस्टल में खराबी आने के कारण फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। लेकिन यहां दो पदक जीतकर उन्होंने हर जख्म पर मरहम लगा दिया।
ब्रिटिश मूल के भारतीय खिलाड़ी नॉर्मन प्रिचार्ड ने 1900 ओलिंपिक में 200 मीटर फर्राटा और 200 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीते थे। लेकिन वह उपलब्धि आजादी से पहले की थी। मनु को अभी 25 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भी उतरना है और उनके पास तीसरा पदक जीतने का भी मौका है। सरबजोत 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत इवेंट में क्वालीफिकेशन में 577 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे थे और फाइनल में जगह नहीं बना सके थे। मनु और सरबजोत ने क्वालीफिकेशन दौर में 580 स्कोर करके कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई थी।
'गर्व महसूस कर रही हूं...'
मनु ने जीत के बाद कहा, "मैं बहुत ही गर्व महसूस कर रही हूं। सभी को शुभकामनाओं के लिये धन्यवाद।" उन्होंने कहा, "हम विरोधी टीम के प्रदर्शन पर नियंत्रण नहीं कर सकते लेकिन अपना प्रदर्शन तो अपने साथ में है । मैने और मेरे जोड़ीदार ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके अंत तक जुझारूपन नहीं छोड़ा।" पहला सेट हारने के बाद मनु ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए सिर्फ तीन बार 10 से कम स्कोर किया। इसके बाद से कोरियाई टीम के लिये वापसी करना मुश्किल हो गया था।
मनु अब 2 अगस्त को 25 मीटर महिला पिस्टल क्वालीफिकेशन के लिए उतरेंगी। उन्होंने 2023 वर्ल्ड चैम्पियनशिप और 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। 22 साल की मनु 9 वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल भी जीत चुकी है। वहीं सरबजोत भी वर्ल्ड चैम्पियनशिप, वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल विजेता है।