Swine Flu: मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू ने दी दस्तक, एक महिला समेत तीन लोग H1N1 से संक्रमित

कोरोना महामारी का प्रकोप थमने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी है

अपडेटेड Jun 01, 2022 पर 7:44 PM
Swine Flu: स्वाइन फ्लू के तीनों मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है

कोरोना महामारी का प्रकोप थमने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) ने दस्तक दी है। स्वास्थ्य विभाग को जिले में H1N1 संक्रमण के तीन मरीज मिले हैं जिनमें एक महिला शामिल है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. बीएस सैत्या ने बुधवार को बताया, "स्वाइन फ्लू के तीनों मरीज स्थानीय अस्पतालों में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। उनमें एक महिला और दो पुरुष हैं।"

उन्होंने बताया कि तीनों मामलों के साथ ही जिले में इस साल H1N1 संक्रमण मिलने की शुरुआत हो गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के तीनों मरीजों के घरों के आस-पास सर्वेक्षण कराया है और अब तक उनके संपर्क में आए किसी भी शख्स में एच1एन1 संक्रमण नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- जन-धन खातों के करीब 8 साल पूरे, अभी भी लागत निकालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं बैंक


अफ्रीकी स्वाइन फीवर को आपदा घोषित करेगी मिजोरम सरकार

मिजोरम सरकार अफ्रीकी स्वाइन फीवर (ASF) के प्रकोप को जल्द ही "राज्य आपदा" घोषित करेगी। राज्य के पशुपालन और पशु चिकित्सा मंत्री डॉ के बिशुआ ने बताया कि मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने ASF प्रकोप को राज्य आपदा घोषित करने को लेकर पहले ही अपनी सहमति दे दी है।

37,000 से अधिक सुअरों की हुई मौत

उन्होंने कहा कि प्रकोप को आपदा घोषित करने के संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग की ओर से 25 मई को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल मार्च से ASF के कारण 37,000 से अधिक सुअरों की मौत हो चुकी है। जिसके कारण 37,000 से अधिक सुअरों की मौत हो चुकी है। राज्य के एक मंत्री ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आंकड़े के मुताबिक, ASF के प्रसार की रोकथाम के चलते कम से कम 13,918 सुअरों को मारा जा चुका है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को ऐसे किसानों को मुआवजा राशि देने के लिए कोष प्राप्त हो चुका है, जिनके सुअरों को एएसएफ के प्रसार की रोकथाम के मद्देनजर मारा गया था। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि का वितरण जल्द ही शुरू किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।