Tamil Nadu Rains: मूसलाधार बारिश के बाद चेन्नई के कई इलाकों में जलजमाव, इन 15 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश जारी है। मूसलाधार बारिश के बाद तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के कई हिस्सों में सड़के जलमग्न हो गई हैं

अपडेटेड Nov 11, 2022 पर 12:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tamil Nadu Rains: भारी बारिश के कारण राज्य के करीब 15 जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है

Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु (Tamil Nadu) के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश (Heavy Rainfall) जारी है। मूसलाधार बारिश के बाद तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (Chennai  Rains) के कई हिस्सों में जलभराव देखा गया और सड़के जलमग्न हो गई हैं। मौसम विभाग ने आज यानी 11 नवंबर को तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और रानीपेट जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने 11 से 13 नवंबर के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

15 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित

भारी बारिश के कारण राज्य के करीब 15 जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, शिवगंगा के जिला कलेक्टर ने सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। मदुरै जिला कलेक्टर ने भी लगातार बारिश के कारण सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। वहीं, डिंडीगुल जिला कलेक्टर ने भी भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है।


जिन अन्य जिलों में स्कूल की छुट्टी घोषित की गई है उनमें थेनी, करूर, पुदुक्कोट्टई, पेरम्बलुर, अरियालुर, विल्लुपुरम, तिरुवन्नामलाई, रामनाथपुरम, कुड्डालोर, कल्लाकुरिची और कराईकल शामिल हैं। तिरुपति ने केवल प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए छुट्टी घोषित किया है। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी ने भी शुक्रवार को स्कूलों और कॉलेजों के लिए छुट्टियों की घोषणा की है।

भारी बारिश की चेतावनी

- मौसम विभाग के मुताबिक, 11 से 13 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। साथ ही 11 से 14 नवंबर के दौरान केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

- 11 नवंबर को उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, जबकि 12 नवंबर 2022 को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- PM Modi in Bengaluru: पीएम मोदी ने देश की 5वीं वंदे भारत ट्रेन को दखाई हरी झंडी, केम्पेगौड़ा की प्रतिमा का अनावरण और एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 का भी करेंगे उद्घाटन

- पिछले हफ्ते तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईक्कल और केरल के आसपास के इलाकों में भारी बारिश 5 नवंबर तक जारी रही। हालांकि, उसके बाद काफी कम हो गई।

- मौसम निगरानी एजेंसी के अनुसार, 11 से 14 नवंबर के बीच, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, लक्षद्वीप क्षेत्र, तमिलनाडु के तटों पर तूफानी हवाएं (40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी) के प्रबल होने की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।