Tata-Airbus Plant: पीएम मोदी ने 'टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स' का किया उद्घाटन, स्पेन के प्रधानमंत्री सांचेज के साथ किया मेगा रोड शो

TATA Aircraft Complex: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सोमवार (28 अक्टूबर) को वडोदरा में टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, जो भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्लांट में C-295 सैन्य परिवहन विमान का निर्माण किया जाएगा, जिससे भारतीय वायु सेना की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही भारत रक्षा उत्पादन में वैश्विक खिलाड़ी के रूप में स्थापित होगा

अपडेटेड Oct 28, 2024 पर 12:18 PM
TATA Aircraft Complex: पीएम मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने गुजरात के वडोदरा में मेगा रोड शो किया

TATA Aircraft Complex: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के उनके समकक्ष पेड्रो सांचेज ने सोमवार (28 अक्टूबर) को गुजरात के वडोदरा में C-295 विमानों के निर्माण के लिए स्थापित टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड का उद्घाटन कर दिया। दोनों नेता एक द्विपक्षीय बैठक के लिए ऐतिहासिक लक्ष्मी विलास पैलेस जाने से पहले टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स द्वारा सी-295 विमानों के निर्माण के लिए यह कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। समझौते के तहत वडोदरा के इस कॉम्प्लेक्स में 40 विमानों का निर्माण किया जाएगा। भारत में इन 40 विमानों के निर्माण की जिम्मेदारी टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को दी गई है। यह कॉम्प्लेक्स भारत में सैन्य विमानों के लिए पहली निजी क्षेत्र की अंतिम असेंबली लाइन है।

इसमें विमानों के निर्माण से लेकर उनके पुर्जों को जोड़ना और उनका परीक्षण शामिल होगा। साथ ही विमानों के रखरखाव की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। टाटा के अलावा रक्षा क्षेत्र की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की यूनिट्स जैसे भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारत डायनेमिक्स के साथ ही निजी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इस कार्यक्रम में योगदान देंगे। पीएम मोदी ने अक्टूबर 2022 में वडोदरा अंतिम असेंबली लाइन की नींव रखी थी।

स्पेन के प्रधानमंत्री के साथ किया मेगा रोड शो


प्रधानमंत्री मोदी और स्पेन के उनके समकक्ष पेड्रो सांचेज ने सोमवार सुबह गुजरात के वडोदरा शहर में एक खुली जीप में सवार होकर एक रोडशो किया। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े लोगों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री सांचेज ने शहर में एयरपोर्ट से टाटा विमान परिसर तक 2.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर खड़े लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों टाटा विमान परिसर का उद्घाटन किया।

फैक्टरी में निर्मित विमान का निर्यात भी होगा

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा में विमान निर्माण परियोजना से हमारा 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड' मिशन भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह परिवेशी तंत्र देश में पहला असैन्य विमान बनाने में मदद करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा फैक्टरी में निर्मित विमान का भविष्य में निर्यात भी किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि C-295 एयरक्राफ्ट की फैक्टरी नए भारत के नए वर्क कल्चर को रिफ्लेक्ट करती है। आज किसी भी योजना के विचार से लेकर शिक्षा तक भारत किस स्पीड से काम कर रहा है, ये यहां दिखाई देता है। 2 साल पहले अक्टूबर महीने में ही इस फैक्ट्री का निर्माण शुरू हुआ था। आज अक्टूबर महीने में ही ये फैक्ट्री अब एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन के लिए तैयार है।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज के कार्यक्रम को ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के निर्माण से आगे भी देख रहा हूं। आप सभी ने पिछले दशक में भारत के एविएशन सेक्टर में अभूतपूर्व वृद्धि और परिवर्तन देखा है। हम पहले से ही भारत को एविएशन हब बनाने के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये इकोसिस्टम भविष्य में मेड इन इंडिया सिविल एयरक्राफ्ट का रास्ता प्रशस्त करेगा। अलग-अलग भारतीय एयरलाइन्स ने 1200 नए एयरक्राफ्ट खरीदने का ऑर्डर दिया है... यानि ये फैक्ट्री भविष्य में भारत और दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए सिविल एयरक्राफ्ट के डिजाइन और मैन्यूफैक्चरिंग में बड़ी भूमिका निभाने वाली है।

'भारत में डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग नई ऊंचाइयों को छू रहा'

पीएम मोदी ने कहा कि जैसे ही हम अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए पहला कदम उठाते हैं, रास्ते अपने आप बनते चले जाते हैं। आज भारत में डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अगर हमने 10 साल पहले ठोस कदम न उठाए होते, तो आज इस मंजिल तक पहुंचना असंभव होता।

उन्होंने आगे कहा कि तब कोई सोच भी नहीं सकता था कि भारत में इतने बड़े पैमाने पर डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग हो सकती है। उस समय प्राथमिकता और पहचान सिर्फ आयात की थी। हमने नए रास्ते पर चलने का फैसला किया, अपने लिए नए लक्ष्य तय किए। आज इसका नतीजा हमारे सामने है।

वहीं, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड परिसर में पहले विमान का निर्माण 2026 में किया जाएगा। समझौते के तहत वड़ोदरा प्लांट में कुल 40 विमानों का निर्माण किया जाएगा। जबकि विमानन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एयरबस सीधे 16 विमान उपलब्ध कराएगी।

सांचेज ने कहा कि आज हम न केवल एक अत्याधुनिक औद्योगिक सुविधा का आधिकारिक उद्घाटन कर रहे हैं। आज हम यह भी देख रहे हैं कि कैसे दो प्रतिष्ठित कंपनियों के बीच एक असाधारण परियोजना वास्तविकता बन जाती है। प्रधानमंत्री मोदी, यह आपके विज़न की एक और जीत है। आपका विजन भारत को एक औद्योगिक शक्ति और निवेश और व्यापार के लिए एक आकर्षण बनाना है।

उन्होंने कहा कि एयरबस और टाटा के बीच यह साझेदारी भारतीय एयरोस्पेस उद्योग की प्रगति में योगदान देगी और अन्य यूरोपीय कंपनियों के आगमन के लिए नए द्वार खोलेगी। यह परियोजना दो दुनियाओं की सर्वश्रेष्ठता को एक साथ लाती है। टाटा शायद भारतीय औद्योगिक शक्ति का सबसे अच्छा प्रतिपादक है।

ये भी पढ़ें- Janganana 2024 Date: अगले साल होगी जनगणना की शुरुआत, आंकड़े 2026 में होंगे प्रकाशित, इस बार संप्रदाय भी पूछेगी सरकार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।