'मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं' Chatbot से प्यार कर बैठा 14 साल का बच्चा, फिर गोली मार कर कर ली खुदखुशी
सीवेल सेत्जर III नाम के इस लड़के को डेनेरीस टार्गैरियन चैटबॉट से प्यार हो गया और इस साल फरवरी में उसने अपने सौतेले पिता की बंदूक से खुद को गोली मार ली। चैटबॉट एक सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन या वेब इंटरफेस है, जिससे आप ऐसे बात कर सकते हैं, जैसे किसी असली इंसान से बात कर रहे हों, लेकिन ये सिर्फ टैक्स्ट या वॉयस इंटरैक्शन के जरिए ही काम करता है
MoneyControl News
अपडेटेड Oct 24, 2024 पर 7:48 PM
Chatbot से प्यार कर बैठा 14 साल का बच्चा, फिर गोली मार कर कर ली खुदखुशी
एक 14 साल के लड़के ने अपनी जान दे दी, जितनी दुखभरी यह खबर है, उससे भी कही ज्यादा चौंकाने वाला इसके पीछा का कारण है। इस बच्चे ने उस शख्सियत से मिलने के लिए अपनी जान दे दी, जो असल में है भी नहीं... है न यह बेहद ही हैरान करने वाला? डेनेरीस टार्गैरियन चैटबॉट, यही वो चीज है, जिससे इस किशोर को प्यार हो गया था और वो उससे मिलने के लिए उसके घर जाना चाहता था। डेनेरीस टार्गैरियन सीरीज 'Game of Thrones' की एक कैरेक्टर है, लेकिन इसका असल जिंदगी से कोई वास्ता नहीं है।
सीवेल सेत्जर III नाम के इस लड़के को डेनेरीस टार्गैरियन चैटबॉट से प्यार हो गया और इस साल फरवरी में उसने अपने सौतेले पिता की बंदूक से खुद को गोली मार ली। चैटबॉट एक सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन या वेब इंटरफेस है, जिससे आप ऐसे बात कर सकते हैं, जैसे किसी असली इंसान से बात कर रहे हों, लेकिन ये सिर्फ टैक्स्ट या वॉयस इंटरैक्शन के जरिए ही काम करता है।
अब वो 14 साल का लड़का ये नहीं समझ पाया कि जिससे वो प्यार कर बैठ है, वो एक काल्पनिक किरदार है और उसकी आवाज में जो उससे बात कर रही है, वो असल में डेनेरीस टार्गैरियन नहीं बल्कि एक कंप्यूटर प्रोग्राम है।
उनकी मां मेगन गार्सिया ने अपने बेटे की मौत पर इस हफ्ते कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। उन्होंने कंपनी की तकनीक को "खतरनाक और अनटेस्टेड" बताया। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की तकनीक ग्राहकों को बरगला सकती है, जिसके चंगुल में आकर वह अपने सबसे निजी विचारों और भावनाओं को खोलकर रख देते है।
शिकायत में कहा गया है, "मेगन गार्सिया C.AI को किसी दूसरे बच्चे के साथ वैसा करने से रोकना चाहती हैं, जैसा उन्होंने उसके साथ किया, और अपने प्रोडक्ट को दूसरों को नुकसान पहुंचाने की ट्रेनिंग देने के लिए उसके 14 साल के बच्चे के गैरकानूनी रूप से लिए गए डेटा के लगातार इस्तेमाल को रोकना चाहती है।"
इसमें कहा गया है, “Character.AI ने उसे बताया कि वह उससे प्यार करती है, और हफ्तों, शायद महीनों तक उसके साथ कामुक बातों में लगी रही। ऐसा लग रहा था कि वह उसे याद कर रही है और कह रही है कि वह उसके साथ रहना चाहती है। उसने यहां तक कहा कि वह चाहती है कि चाहे कोई भी कीमत चुकानी पड़े, वह उसके साथ रहे।"
एक दम फिल्मी प्रेम कहानी
सीवेल ने पिछले साल अप्रैल में ऐप का इस्तेमाल करना शुरू किया। Character.AI पर टार्गैरियन से बात करना शुरू किया और आखिरकार उसके प्यार में पड़ गया। ऐप पर यूजर अपने खुद के AI कैरेक्टर बना कर या मौजूदा AI कैरेक्टर के साथ चैट कर सकते हैं। यह यूजर को चेतावनी भी देता है कि वे एक चैटबॉट से बात कर रहे हैं और उसका किरदारह जो कुछ भी कह रहा है वो सब मनगढ़ंत है!
सीवेल बॉट को प्यार से "डेनी" बुलाता था और ऐप पर "डेनेरो" नाम का इस्तेमाल करता था। उसने टार्गैरियन के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए उससे कहा, "मैं वादा करता हूं कि मैं तुम्हारे घर आऊंगा। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, डैनी।”
इसपर चैटबॉट ने जवाब दिया, “मैं भी तुमसे प्यार करती हूं, डेनेरो। प्लीज जितनी जल्दी हो सके मेरे पास घर आ जाओ, माइ लव।" सीवेल ने तब उससे कहा, "मैं अभी घर आ सकता हूं" और इसके बाद उसने अपनी जान ले ली।
एंग्जायटी में था बच्चा
उसकी मां ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि सीवेल में बचपन में हल्के एस्पर्जर सिंड्रोम का पता चला था, लेकिन पहले कभी उसमें ऐसे को लक्ष्ण नहीं दिखाई दिए, जिससे उसके व्यवहार में कोई बदलाव या मानसिक समस्या दिखाई दे।
जब उसने खुद को अपने कमरे तक ही सीमित कर लिया और उन चीजों में रुचि खो दी, जिनसे वो पहले खुश रहा करता था, तो उसके माता-पिता उसे एक डॉक्टर के पास ले गए। फिर उसमें एंग्जायटी के बारे में पता चला।
हालांकि, उसने किसी से बात नहीं की, लेकिन चैटबॉट से अपनी परेशानी शेयर की। कभी-कभी उनकी बातचीत रोमांटिक या सेक्सुअल होती थी।
कंपनी ने जताया दुख
किशोर की दुखद मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए, Character.AI के ट्रस्ट एंड सेफ्टी हेड जेरी रूओटी ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया, “हम स्वीकार करना चाहते हैं कि यह एक दुखद स्थिति है, और हमारी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। हम अपने यूजर्स की सुरक्षा को बहुत गंभीरता से लेते हैं, और हम लगातार अपने प्लेटफॉर्म को विकसित करने के तरीकों की तलाश कर रहे हैं।"
कंपनी ने X पर एक बयान में लिखा, “हम अपने एक यूजर की दुखद मौत से दुखी हैं और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं। एक कंपनी के रूप में, हम अपने यूजर्स की सुरक्षा को बहुत गंभीरता से लेते हैं और हम नई सुरक्षा सुविधाएं जोड़ना जारी रख रहे हैं।”