International Destination to travel in New Year and Christmas: क्या आप भी क्रिसमस और नए साल पर विदेश घूमने का प्लान कर रहे हैं? लेकिन आपने अभी तक बुकिंग नहीं कराई है, तो यहां आपको ऐसे ऑप्शन के बारे में बता रहे हैं जहां आप कम समय में पहुंच सकते हैं। यहां आपको वीजा की परेशानी भी अधिक नहीं होगी। यहां आपको एक व्यक्ति की औसत कॉस्ट भी बता रहे हैं जिसमें आप घूम सकते हैं। हालांकि, इस बात का आपको ध्यान रखना होगा कि फेस्टिव टाइम खासकर क्रिसमस और नए साल पर होटल, फ्लाइट सब महंगा मिलता है। ऐसे में जल्द बुकिंग कराएं क्योंकि समय कम बचा है। ये रहे भारत के आसपास घूमने के लिए बेस्ट फॉरेन डेस्टिनेशन जहां आप नया साल और क्रिसमस मना सकते हैं।
भूटान भारतीयों के लिए घूमने के लिए बेस्ट जगह है क्योंकि भारतीयों को भूटान जाने के लिए पासपोर्ट की जरुरत नहीं होती है। यहां आप भारतीय आईडी प्रूफ के साथ ट्रैवल कर सकते हैं। याद रखिये कि आपका आईडी प्रूफ अंग्रेजी में होना चाहिए। यहां भारतीयों को वीजा नहीं लेना पड़ता। यहां का पैकेज आपको 40 से 50,000 रुपये में मिल जाएगा। दिल्ली से भूटान के लिए फ्लाइट आपको 3 घंटे में पहुंचा देगी। हालांकि, क्रिसमस और नए साल के समय में फ्लाइट की टिकट आपको महंगी मिलेगी, इसलिए जल्दी बुकिंग करा लें।
दुबई को शॉपिंग का हब कहा जाता है। यहां रेडीमेड गारमेंट से लेकर ज्वैलरी शॉपिंग के बहुत सारे विकल्प हैं। दुबई में पाल्म ट्री, खलीफा बुर्ज, बीच और दुबई नाइट सफारी जैसे काफी सारे घूमने की जगह है। इस फेस्टिव टाइम आप दुबई के लिए निकल सकते हैं। यहां का टूर पैकेज आपको 40 से 50 हजार रुपये में मिल जाएगा। यहां आप 3 से 4 घंटे की फ्लाइट में पहुंच जाएंगे। दुबई भारतीयों के बीच काफी फेमस हो चुका है। यहां क्रूज पर नए साल की पार्टी करना न भूलें।
भारतीयों के बीच थाईलैंड का बैंकॉक सबसे ज्यादा फेमस है। 40 से 60 हजार रुपए के बजट में आप कोरल आईसलैंड और बैंकॉक घूम सकते हैं। इसमें फ्लाइट, बजट होटल और लोकल ट्रैवल के खर्च में इतना बजट रखना होगा। यहां भारतीयों को वीजा ऑन एराइवल की सुविधा भी मिलती है। वीजा कॉस्ट 4,500 रुपये है। यहां आप 4 घंटे के फ्लाइट मे पहुंच सकते हैं। नए साल के लिए थाईलैंड की फ्लाइट 25,000 से 40,000 रुपये बीच मिल रही है। नए साल के समय में ज्यादातर सभी फ्लाइट महंगी मिलती है।
भारतीयों के बीच घूमने के लिए मालदीव सबसे ज्यादा फेमस है। यहां बॉलीवुड सेलेब्रिटी सबसे ज्यादा जाती है। मालदीव के बीच बहुत खूबसूरत हैं। यहां भारतीयों के लिए वीजा ऑन एराइवल है। यहां का पैकेज के लिए न्यूनतम 60 हजार रुपये में मिलेगा। हालांकि, नए साल पर आपको एक व्यक्ति के लिए पैकेज की कॉस्ट 1,00,000 रुपये तक आ सकती है। इसमें फ्लाइट और बजट होटल का खर्च शामिल होगा। यहां ज्यादातर लोग नया साल मनाना चाहते हैं। आप 4 घंटे की फ्लाइट मे मालदीव पहुंच जाएंगे।
सिंगापुर भी भारतीयों के बीच काफी फेमस है। यहां का पैकेज आपको 50 से 60 हजार रुपये में मिल जाएगा। यहां घूमने, शॉपिंग के काफी सारे विकल्प हैं। यूनिवर्सल स्टूडियो, जाइंट व्हील जाना न भूलिएगा। ये दोनों जगह यहां की खासियत है। ज्यादातर लोग यूनिवर्सल स्टूडियो घूमने के लिए सिंगापुर जाते हैं। यहां आप साढ़े तीन घंटे की फ्लाइट में पहुंच सकते हैं।