Air India की फ्लाइट में सिगरेट पीते पकड़ा गया अमेरिकी यात्री, प्लेन का दरवाजा खोलने की कोशिश की, FIR दर्ज

मुंबई पुलिस के मुताबिक, लंदन से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI130 में एक अमेरिकी यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। क्रू मेंबर्स ने जब उसे रोका तो वह उन पर चिल्लाने लगा। इतना ही नहीं क्रू मेंबर्स के मुताबिक, आरोपी ने फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच कर रही है

अपडेटेड Mar 12, 2023 पर 1:47 PM
मुंबई पुलिस ने बताया कि फ्लाइट क्रू के मुताबिक, आरोपी ने प्लेन का दरवाजा खोलने की कोशिश की

एयर इंडिया की लंदन-मुंबई फ्लाइट (London-Mumbai Air India Flight) में एक अमेरिकी यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, लंदन से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI130 में एक अमेरिकी यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। क्रू मेंबर्स ने जब उसे रोका तो वह उन पर चिल्लाने लगा। इतना ही नहीं क्रू मेंबर्स के मुताबिक, आरोपी ने फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया। फिलहाल पुलिस, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच कर रही है।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, यह पूरी घटना 11 मार्च की है। आरोपी की पहचान रमाकांत के रूप में हुई है जो अमेरिकी नागरिक है। मुंबई पुलिस ने बताया कि 11 मार्च को एयर इंडिया की लंदन-मुंबई फ्लाइट के बाथरूम में बिना इजाजत सिगरेट पीने और अन्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में सहार पुलिस स्टेशन में 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रमाकांत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि फ्लाइट क्रू के मुताबिक, आरोपी ने फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। उसने यह भी कहा कि वह अपने बैग में कुछ दवा ले जा रहा था, लेकिन उसके बैग में ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली। आरोपी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि यह पुष्टि हो सके कि वह नशे की हालत में था या मानसिक रूप से परेशान था।


एयर इंडिया ने अपने एक बयान में कहा है कि लंदन-मुंबई फ्लाइट संख्या AI130 में एक यात्री को बार-बार चेतावनी के बावजूद शौचालय में सिगरेप पीने और अनियंत्रित एवं आक्रामक तरीके से व्यवहार करते पाया गया। फ्लाइट के मुंबई पहुंचने पर उन्हें सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया। नियामक को घटना के बारे में विधिवत सूचित कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- H3N2 Virus का बढ़ रहा है खतरा, 10 में से 6 बच्चे हैं संक्रमित, जानिए लक्षण और कैसे करें बचाव

क्रू मेंबर ने कहा कि रमाकांत ने फ्लाइट का दरवाजा भी खोलने की कोशिश की। हमने उनके हाथ-पैर बांधे और उन्हें सीट पर बैठाया। इसके बाद वह अपना सिर पीटने लगा। फ्लाइट में मौजूद एक यात्री पेशे से डॉक्टर था, हमने उनकी मदद ली। शख्स ने रमाकांत को चेक किया। इसके बाद उसने कहा कि उसके पास कुछ दवाइयां हैं। उनका बैग चेक करने पर हमें दवाएं तो नहीं बल्कि ई-सिगरेट मिली।

पुलिस ने बताया कि यात्री की मेडिकल जांच होगी। एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल यात्री के सैंपल मेडिकल टेस्ट के लिए भेजे गए हैं। अधिकारी ने कहा कि आरोपी यात्री भारतवंशी है, लेकिन उसके पास अमेरिकन नागरिकता है। नियमों के मुताबिक, फ्लाइट में स्मोकिंग करने वाले को गिरफ्तार किया जा सकता है। फिलहाल, आरोपी रमाकांत के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है और आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।