रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी (Anant Ambani) और फार्मा उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट (Radhika Merchant) 12 जुलाई को एक भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंध गए। यह शादी मुंबई में अंबानी परिवार के ‘जियो वर्ल्ड कनवेंशन सेंटर’ में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से हुई। शादी के बाद की दोनों की पहली फोटो भी सामने आ गई है।
नारंगी रंग की शेरवानी पहने दूल्हा अनंत अंबानी परिवार के निवास स्थान एंटीलिया से सफेद फूलों से सजी एक शानदार लाल कार से ‘‘जियो वर्ल्ड कनवेंशन सेंटर’ रवाना हुए, जहां से बारात मंडप के लिए निकली। अंबानी परिवार अबू जानी-संदीप खोसला द्वारा डिजाइन किए गए ‘पेस्टल’ रंग के परिधानों में नजर आया। ‘रिलायंस इंडस्ट्रीज’ के चेयरमैन मुकेश अंबानी से लेकर दूल्हे की मां नीता, बहन ईशा और उनके पति आनंद पीरामल और भाई आकाश सभी ने अपने कपड़ों के लिए ‘पेस्टल’ रंगों को चुना। आकाश की पत्नी श्लोका गहरे गुलाबी रंग के लहंगे में नजर आईं।
बारात निकलने के वक्त अनंत अंबानी और उनका परिवार।
वरमाला के वक्त अनंत लाल और सुनहरे रंग की शेरवानी में नजर आए। इस शादी समारोह में कई नेता, एक्टर्स, एक्ट्रेस, लगभग सभी शीर्ष क्रिकेटर और कॉरपोरेट जगत की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की। अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार किम करदाशियां और उनकी बहन क्लो करदाशियां, नाइजीरियाई रैपर रेमा, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, प्रमुख तेल कंपनी ‘सऊदी अरामको’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमीन नासेर, ‘सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स’ के चेयरमैन जे ली और दवा कंपनी ‘जीएसके पीएलसी’ की मुख्य कार्यकारी एम्मा वाल्म्सली जैसी कई प्रसिद्ध हस्तियों ने विवाह समारोह की शोभा बढ़ाई।
हिंदी, दक्षिण भारतीय सिनेमा और हॉलीवुड के दिखे स्टार
अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान से लेकर अजय देवगन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, टाइगर श्रॉफ और वरुण धवन तक बॉलीवुड के लगभग सभी शीर्ष कलाकार समारोह में उपस्थित थे। इनमें से अधिकतर अपने परिवार के साथ समारोह में शामिल हुए। इनके अलावा रजनीकांत, राम चरण और महेश बाबू समेत दक्षिण भारतीय फिल्म जगत के कई कलाकार समारोह का हिस्सा बने। इस शादी में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, एस श्रीकांत, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव समेत कई क्रिकेटर ने भी शिरकत की।
कुछ ऐसा रहा राधिका मर्चेंट का विदाई लुक।
अमेरिकी अभिनेता और रैपर जॉन सीना, तमिल सुपरस्टार रजनीकांत, अनिल कपूर और रणवीर सिंह दूल्हे अनंत अंबानी के साथ बारात में जमकर नाचे। जॉन सीना नीले रंग की बंदगला शेरवानी में समारोह स्थल पहुंचे। रजनीकांत, उनकी बेटी सौंदर्या और उनके पति एवं बेटे ने पारंपरिक तमिल परिधान पहने। निर्देशक-निर्माता करण जौहर, फिल्म अभिनेता वरुण धवन, वेंकटेश, संगीत निर्देशक ए आर रहमान और उनकी पत्नी, जैकी श्रॉफ, राजकुमार राव और अनन्या पांडे भी समारोह का हिस्सा बने। सारा अली खान अपने भाई इब्राहिम के साथ आईं, जबकि जाह्नवी कपूर अपने कथित प्रेमी शिखर पहाड़िया के साथ समारोह में पहुंचीं। प्रियंका चोपड़ा जोनास अपने पति निक के साथ विवाह समारोह स्थल पहुंची।