Bengaluru: बेंगलुरु के 28 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, शहर में मचा हड़कंप

Bengaluru: पुलिस ने बताया कि सभी स्कूल बेंगलुरु शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित हैं। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। बम की सूचना पर छात्रों के परिजन अपने-अपने बच्चों को लेने के लिए आ गए थे। इससे अफरा-तफरी मच गई। News18 ने उस ईमेल को एक्सेस कर लिया है जो 1 दिसंबर को सुबह 7:04 बजे सभी स्कूलों को प्राप्त हुआ था

अपडेटेड Dec 01, 2023 पर 12:52 PM
Bengaluru: कर्नाटक में बेंगलुरु के 28 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) में करीब 28 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। ईमेल के बाद इन स्कूलों के छात्रों और टीचर्स में डर बैठ गया। बम से उड़ाने की यह धमकी शुक्रवार 1 दिसंबर को ई-मेल के जरिए दी गई। सभी स्कूलों को एक साथ ई-मेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि स्कूलों के अंदर बम रखे गए हैं। इन स्कूलों में से एक कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के आवास के सामने स्थित है। डीके शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, "मैं टीवी देख रहा था, मेरे घर के सामने वाले स्कूल को भी एक धमकी भरा मेल मिला। मैं यहां जांच करने आया था।"

सभी स्कूल प्रशासन ने बेंगलुरु पुलिस को तुरंत इसकी सूचना दी। पुलिस से स्कूलों से सभी छात्रों को बाहर निकाला और तलाशी शुरू की। मौके पर बम डिफ्यूजल स्क्वॉड और एंटी सबोटाज टीम भी पहुंची। हालांकि, अभी तक कुछ नहीं मिला है। बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने News18 को बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक फर्जी मेल जैसा लगता है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को प्रत्येक स्कूल की जांच करने और उन्हें सुरक्षित करने के लिए शहर भर में तैनात किया है।

उन्होंने News18 को बताया, "2022 में 15 स्कूलों को इसी तरह का एक फर्जी ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें दावा किया गया था कि स्कूल परिसर में विस्फोटक लगाए गए थे। हमारी टीमें गहन तलाशी ले रही हैं, लेकिन यह शरारत का मामला लग रहा है।" पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। यह एक फर्जी ईमेल लग रहा है। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बेंगलुरु सुरक्षित रहे।


पुलिस ने बताया कि सभी स्कूल बेंगलुरु शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित हैं। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। बम की सूचना पर छात्रों के परिजन अपने-अपने बच्चों को लेने के लिए आ गए थे। इससे अफरा-तफरी मच गई। News18 ने उस ईमेल को एक्सेस कर लिया है जो 1 दिसंबर को सुबह 7:04 बजे सभी स्कूलों को प्राप्त हुआ था। इसमें दावा किया गया है कि विस्फोटक लगाने का तथाकथित कार्य उन लोगों के प्रतिशोध में है जो 26/11 को शहीद हो गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।