Byju's : एडटेक स्टार्टअप Byju ने पिछले साल ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी को साइन किया था। कंपनी के इस फैसले के बाद काफी विवाद हुआ था। दरअसल, जब यह खबर सामने आई उसके कुछ समय पहले ही कंपनी ने अपने 2500 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी। ऐसे में कई लोगों ने कंपनी के इस फैसले पर सवाल उठाए थे। अब Byju के फाउंडर और CEO बायजू रवींद्रन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2023 में इस विवाद पर खुलकर बात की है। इसके साथ ही उन्होंने मेसी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया है।
डील के सामने आने की टाइमिंग थी गलत : रवींद्रन
बायजू रवींद्रन ने मेसी को ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के विवाद के लिए बैड टाइमिंग को जिम्मेदार ठहराया। इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “सौदे पर कई महीने पहले हस्ताक्षर किए गए थे। आप मेस्सी को पार्टनरशिप के लिए एक हफ्ते में साइन नहीं कर सकते।"
रवींद्रन ने कहा कि इस डील के सामने आने की टाइमिंग गलत थी। इसे लेकर उन्होंने कहा, "एक बिजनेस पार्टनरशिप के विपरीत यह साझेदारी बहुत अलग है। इस डील के तहत, खास तौर पर सभी के लिए शिक्षा को बढ़ावा देने पर फोकस किया गया है।" बता दें कि इसके पहले भी रवींद्रन ने कहा था कि यह डील सामाजिक असर पैदा करने के लिए हुई एक साझेदारी है। रवींद्रन ने कहा, "लोगों का इस तरह सोचना बेवकूफी है कि छंटनी के समय हम मेसी के साथ डील करेंगे।"
छंटनी को लेकर रवींद्रन ने कही यह बात
छंटनी को लेकर रवींद्रन ने कहा, हमें अपने कुछ कर्मचारियों की छंटनी करनी पड़ी। हर कोई उन 2,500 लोगों के बारे में बात करता है, जिन्हें हमें नौकरी से निकालना पड़ा, लेकिन कोई भी उन 25000 लोगों के बारे में बात नहीं करता जिन्हें हमने पिछले 12 महीनों के दौरान हायर किया था।" रवींद्रन ने कहा कि अकेले इस साल फरवरी में बायजू ने 2000 लोगों को काम पर रखा है।
मेसी को लेकर साझा किया दिलचस्प किस्सा
रवींद्रन ने स्टार फुटबॉलर मेसी को लेकर भी एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने याद करते हुए बताया कि मेसी की एक झलक पाने के लिए कैसे वे दो दिन तक लिफ्ट में ऊपर-नीचे जाते रहे। साल 2011 में टीम अर्जेंटीना एक फ्रेंडली फीफा मैच के लिए कोलकाता आई थी, जिसमें लियोनेल मेसी भी थे। इस समय बायजू भी अपने शुरुआती दौर में था।
बायजू रवींद्रन ने कहा, "10 साल पहले जब हम कंपनी शुरू ही कर रहे थे, तब मेसी से मिलने का कोई चांस नहीं था। जब अर्जेंटीना की टीम कोलकाता आई, तब मैं उसी होटल में रुका जहां टीम रुकी हुई थी। मैं दो दिनों तक लगातार लिफ्ट में ऊपर-नीचे होता रहा, ताकि मेसी की एक झलक मिल सके। और आखिरकार लिफ्ट में उनसे मुलाकात हो ही गई।" रवींद्रन ने बताया कि ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर के रूप में साइन करने के बाद उन्होंने इस किस्से का खुलासा मेसी के सामने भी किया।