Cabbage Juice: पत्तागोभी एक ऐसी सब्जी है जिससे कई तरह की रेसिपीज बनाई जा सकती हैं। आमतौर पर पत्तागोभी को सबसे ज्यादा चाइनीज फूड में इस्तेमाल किया जाता है। पत्तागोभी में सेहत का खजाना छिपा है। इसे डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। इसमें विटामिन-C, विटामिन K, विटामिन-A, E, B6 पाया जाता है। यह शरीर में कई तरह की समस्याओं से छुटकारा दिलाता है। लेकिन आप पत्तागोभी का जूस भी बनाकर सेवन कर सकते हैं। पत्तागोभी जूस का रेगुलर सेवन करने से हार्ट को हेल्दी रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा भी पत्तागोभी के फायदे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे।
पत्तागोभी में कैलोरी कम होती है। लिहाजा वजन घटाने के लिए डाइटिंग करने वालों के लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। इसमें विटामिन और मिनिरल्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। पत्तागोभी स्किन और बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद माना गया है। आइए जानते हैं, पत्ता गोभी के अन्य हेल्थ बेनिफिट्स…
पत्तागोभी जूस के नियमित सेवन से शरीर में बैड या हाई कोलेस्ट्रॉल होने की संभावनाएं कम हो जाती हैं। बैड कोलेस्ट्रॉल के कारण हार्ट से जुड़े रोगों का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। ऐसे में यह दिल की सेहत के लिए भी काफी हेल्दी होता है।
पत्तागोभी में विटामिन C अच्छी मात्रा में पाया जाता है। विटामिन C इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है। अगर आप इम्यूनिटी को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में पत्तागोभी जूस को शामिल कर सकते हैं।
हार्मोंस का संतुलन सही करे
पत्तागोभी का जूस पीने से शरीर में हार्मोंस का संतुलन ठीक बना रहता है। खासकर, थायरॉइड ग्लैंड को रेगुलेट और मॉनिटर करता है। हार्मोन प्रोडक्शन को बढ़ाता है। चूंकि, इसमें आयोडीन होता है, इसलिए शरीर में हार्मोन बैलेंस सही तरीके से बने रहने में पत्ता गोभी का जूस बेहद कारगर साबित होता है।
पत्ता गोभी एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। इससे स्किन को हेल्दी बनाए रखने में मदद मिलती है। पत्तागोभी से स्किन के काले धब्बे और झुर्रियों कम करने में भी मदद मिलती है। पत्ता गोभी केवल स्किन ही नही बल्कि बालों को हेल्दी और मजबूत बनाए रखने में मदद करती है। ये कमजोर बालों को झड़ने और दो मुंहे होने जैसी समस्याओं को कम करने में भी कारगर है।
जानिए कैसे बनाएं पत्तागोभी का जूस
पत्तागोभी जूस को बनाने के लिए सबसे पहले आप पत्तागोभी को काट कर अच्छे से साफ पानी में धो लें। फिर एक ब्लेंडर में पत्तागोभी और थोड़ा पानी डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें। इसके बाद इसे एक छलनी की मदद से छान लें। छाने हुए जूस में आप चाहे तो स्वाद के लिए शहद और नींबू मिला सकते हैं। जूस में काला नमक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।