Cyclone Michaung: चक्रवात मिचौंग का कहर पानी बनकर दक्षिण भारत में जमकर बरपा।आलम ये है कि चेन्नई और इसके पड़ोसी हिस्सों में जमकर तबाही देखने को मिली। चेन्नई में सोमवार को भारी बारिश हुई, हालांकि अब बारिश रुक गई है, लेकिन कई निचले इलाके अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। बाढ़ के बाद और लोगों के बचाव के लिए डेविड वार्नर ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की गुहार लगाई।
तूफान की वजह से शहर का हुआ बुरा हाल
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें चेन्नई के कुछ हिस्सों में बाढ़ की वजह से पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है। क्लिप में नावों का मदद से लोगों को बचाया जा रहा है, साथ ही बाढ़ से हुए नुकसान को भी दिखाया गया है। “मैं चेन्नई के कई इलाकों में आई भयंकर बाढ़ की वजह से परेशान हूं। मेरी संवेदनाएं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए लोगों के साथ हैं। सुरक्षित रहना आप सबके लिए जरूरी है। जरूरत पड़ने पर ऊंचे स्थान की तलाश कर लें। यदि आप मदद करने की स्थिति में हैं, तो जरूरतमंदों की मदद करने की कोशिश करें।”
लोगों ने की वार्नर की तारीफ
वार्नर की रील को शेयर किए जाने के बाद से नौ मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने क्रिकेटर की सराहना की और चेन्नई के लोगों का साथ देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। एक यूजर ने कमेंट किया “भले ही आपने हमारे खिलाफ ट्रॉफी जीती हो यही कारण है कि भारतीय फैंस आपसे प्यार करते हैं।" दूसरे यूजर ने लिखा - आप सच्चे इंसान हैं भाई। इस बीच तमिल अभिनेता सूर्या और कार्थी ने चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवल्लूर सहित चार जिलों के लिए 10 लाख रुपये का डोनेशन देने का वादा किया है। ये सभी जिले चक्रवाती तूफान की वजह से काफी ज्यादा प्रभावित हुए हैं।