Sukhdev Singh Gogamedi Murder Case: कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य रोहित गोदारा (Sukhdev Singh Gogamedi) ने मंगलवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। दिग्गज राजपूत नेता और करणी सेना के प्रमुख को जयपुर में उनके घर के अंदर गोली मारने के एक घंटे बाद गोदारा ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से हत्या की जिम्मेदारी ली। राजस्थान का कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा फिलहाल फरार है। उनके खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी कार्रवाई की है। हमलावरों के मौके से भाग जाने के बाद करणी सेना प्रमुख को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
रोहित गोदारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पोस्ट में लिखा, 'सभी भाइयों को राम राम, मैं रोहित गोदारा कपूरसरी, गोल्डी बराड़ भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है, इसकी सम्पूर्ण जिम्मेवारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था, उनको पूर्ण रूप से मजबूत करने का काम करता था और रही बात हमारे दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें।"
माना जा रहा है कि बीकानेर के लूणकरण निवासी गोदारा फिलहाल कनाडा में है। उसके खिलाफ भारत के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में 32 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, गोदारा राजस्थान में व्यापारियों के खिलाफ जबरन वसूली रैकेट चलाता था, जिसमें 5 करोड़ रुपये से लेकर 17 करोड़ रुपये तक की रकम की मांग की जाती थी। वह पिछले साल सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या का भी मुख्य आरोपी है। गोदारा ने एक फेसबुक पोस्ट में इस हत्याकांड की पूरी जिम्मेदारी ली थी। उसने कहा था कि गैंगस्टर आनंदपाल सिंह और बलवीर बानूड़ा की मौत के बदल में ठेहट को खत्म कर दिया गया।
इसके अलावा गोदारा पंजाब के मशहूर दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसवाला की सनसनीखेज हत्या के आरोपियों में से एक भी है। पंजाबी रैपर की 28 साल के उम्र में पिछले साल 29 मई को पंजाब के मनसा जिले में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिछले साल 13 जून को गोदारा 'पवन कुमार' नाम के एक फर्जी पासपोर्ट पर नई दिल्ली से दुबई भाग गया था। उनके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस सर्कुलर जारी है।
BJP-कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को हुई हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस में वाकयुद्ध देखने को मिला। दोनों पार्टियों ने एक दूसरे के शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि जयपुर में तीन सशस्त्र हमलावरों ने मंगलवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि जवाबी गोलीबारी में एक हमलावर भी मारा गया।
केंद्रीय मंत्री और BJP नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए राजस्थान की पिछली कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अशोक गहलोत सरकार के समय से राज्य में जिस तरह से गैंगवार शुरू हुए हैं, यह उसका प्रतिकूल प्रभाव है। उन्होंने संसद परिसर में से कहा कि करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह जी को मिली धमकियों के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और प्रशासन को भी इसके बारे में चेतावनी दी थी। लेकिन दुर्भाग्य से, जिस स्तर पर सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए थी, उस स्तर पर सुरक्षा प्रदान नहीं की गई।
शेखावत ने कहा कि जिन लोगों ने यह जघन्य कृत्य किया है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कड़ी सजा दी जानी चाहिए। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सत्ता में आने की जानकारी मिलते ही राजस्थान में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार के जाते ही करणी सेना प्रमुख की हत्या हुई है।