धीरे-धीरे बढ़ता तनाव आपको बर्बाद कर सकता है, ये 9 उपाय स्ट्रेस से निकलने में कर सकते हैं आपकी काफी मदद
कोरोना की महामारी करीब-करीब चली गई है, लेकिन अपने पीछे वह ऐसा असर छोड़ गई है, जिसके खत्म होने में लंबा समय लग सकता है। ज्यादातर एंप्लॉयीज अलग-अलग तरह के तनाव का सामना कर रहे हैं। अगर समय रहते इस प्रॉब्लम का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है
Future Forum के सर्वे से पता चला है कि डेस्क जॉब वाले 40 फीसदी से ज्यादा एंप्लॉयीज तनाव के शिकार हैं।
कोरोना की महामारी चली गई, लेकिन इसका असर जल्द खत्म होने वाला नहीं है। अब भी लोगों को नौकरी जाने का डर (layoff) सता रहा है। कंपनियां एंप्लॉयीज पर ऑफिस से काम करने (Work from Office) का दबाव बना रही हैं। कई एंप्लॉयीज ज्यादा काम के दबाव से परेशान हैं। ऐसी वजहों के चलते लोगों में तनाव बढ़ रहा है। Future Forum के सर्वे से पता चला है कि डेस्क जॉब वाले 40 फीसदी से ज्यादा एंप्लॉयीज तनाव के शिकार हैं। कुछ लोगों को तो ठीक होने में छह महीने से ज्यादा समय लग रहा है। डॉक्टर का कहना है कि ठीक होने के बाद भी वे पहले जैसी स्थिति में नहीं लौट पा रहे हैं।
हैदराबाद के Apollo Hospital के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ सुधीर कुमार ने हाल में अपने एक दोस्त की कहानी शेयर की। वह बहुत ज्यादा तनाव में था। कुमार का कहना है कि बड़ी संख्या में एंप्लॉयीज इस समस्या का सामना कर रहे हैं। अगर समय रहते इस प्रॉब्लम को कंट्रोल में करने की कोशिश नहीं की गई तो इसके भयावह नतीजें सामने आ सकते हैं। कुमार ने कुछ तरीके बताएं, जो स्ट्रेस घटाने में हमारी मदद कर सकते हैं।
1. काम के घंटे तय कीजिए
उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमें अपने काम को तय सीमा में पूरा करना जरूरी है। इसके लिए हमें यह तय करना होगा कि व्यक्ति बगैर किसी दबाव के कितने घंटे काम कर सकता है। यह पता चलने पर हमें अपने काम को उतने घंटे में पूरा करने पर फोकस करना होगा। यह मुमकिन है। काम शुरू करने से पहले आप दिन का प्लान बना सकते हैं। इससे आपको काम समय पर खत्म करने में मदद मिलेगी।
2. दोस्त की मदद लें
कई बार व्यक्ति ऑफिस में किसी काम को लेकर दिक्कत महसूस करता है। लेकिन, वह अपने साथी से पूछने या मदद लेने में संकोच करता है। इससे उसका काफी समय बर्बाद हो जाता है। ऐसा करना ठीक नहीं है। अगर आप किसी काम को लेकर मुश्किल महसूस करते हैं तो आपको इस बारे में अपने दोस्तों से बात करनी चाहिए। इस बात की ज्यादा संभावना है कि आपके किसी दोस्त को उस काम को करने का अनुभव पहले से हो। इसलिए दोस्त की मदद लेने में कोई खराबी नहीं है।
3. बीमार पड़ने पर छुट्टी लें
कई बार व्यक्ति अस्वस्थ होने या अच्छा महसूस नहीं करने के बाद भी छुट्टी नहीं लेना चाहता। ऐसे में ऑफिस जाने पर भी काम में उसका मन नहीं लगता है। एक बार ऑफिस जाने पर आपको काम करना पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए अगर आप शारीरिक या मानसिक रूप से स्वस्थ महसूस नहीं करते हैं तो आपको छुट्टी ले लेनी चाहिए। एक-दो दिन की छुट्टी से व्यक्ति तरोताजा हो जाता है।
कई बार एक ही माहौल में लगातार रहने की वजह से भी बोरियत होने लगती है। इस वजह से काम में भी मन नहीं लगता है। व्यक्ति की प्रोडक्टविटी घट जाती है। अगर आपके साथ ऐसा है तो आपको अपनी बीवी के साथ बातचीत कर हॉलीडे प्लान करना चाहिए। 4-6 दिन बाहर बिताने के बाद आप अंदर से तरोताजा महसूस करेंगे। इससे आपका मन काम में भी लगेगा।
5. फैमिली और दोस्त के साथ समय बिताएं
क्या आप फैमिली और दोस्तों के साथ रोज कुछ समय बिताते हैं? आप खुद से यह सवाल पूछें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो जल्द इसे शुरू कर दीजिए। परिवार के सदस्यों जैसे-पत्नी, बच्चों, भाई-बहन, माता-पिता के साथ समय बिताने से आपके स्ट्रेस लेवल में कमी आएगी। आप अपने दोस्तों के साथ भी कुछ समय जरूर बिताए। इससे आपको उनके बारे में भी पता चलेगा। आप यह देखेंगे कि थोड़ा बहुत तनाव हर व्यक्ति की जिंदगी में है। बस उसे हैंडल करना आना चाहिए।
6. नींद से कभी समझौता नहीं करें
कई लोग पूरी नींद नहीं लेते हैं। इससे पूरे दिन उनका मूड उखड़ा रहता है। एक व्यक्ति को कितने घंटे सोना चाहिए, इसका कोई एक जवाब नहीं है। डॉक्टर्स का कहना है कि कम से कम 7-8 घंटे सोना जरूरी है। आपको खुद यह पता लगाना होगा कि कितने घंटे की रोजाना की नींद के बाद आप तरोताजा महसूस करते हैं। यह पता चलने के बाद आपको रोजाना उतने घंटे अच्छी नींद लेने की कोशिश करनी चाहिए।
7. लंच और डिनर समय पर करें
क्या आपको कभी गौर किया है कि आपके लंच और डिनर का समय क्या है? अगर आपने अब तक इसके लिए कोई समय तय नहीं किया है तो अपनी सुविधा के अनुसार दोनों का समय तय कर लें। फिर, उसके पालन की कोशिश करें। आपके खानेपीने की आदत और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध है।
8. नियमित एक्सरसाइज करें
अगर आप बहुत व्यस्त रहते हैं तो भी आपको कुछ समय एक्सरसाइज के बारे में निकालना जरूरी है। एक्सरसाइज शरीर और मन दोनों की तंदरुस्ती के लिए जरूरी है। आपको इसे अपनी आदत में शुमार करना होगा। यह मुश्किल नहीं है। कई ऐसे लोग हैं जो काफी व्यस्त रूटीन होने के बावजूद रोजाना थोड़ा समय एक्सरसाइज को देते हैं।
9. सैलरी बढ़ाने की कोशिश करें
कई बार तनाव की वजह आर्थिक होती है। अगर हमें नौकरी से अपनी जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं मिलते हैं तो हमेशा खींचतान की स्थिति बनी रहती है। इससे तनाव पैदा होता है। आपको यह देखना होगा कि आप जो काम कर रहे हैं उसके मुताबिक आपको सही सैलरी मिल रही है या नहीं। अगर आपकी सैलरी कम है तो इसे बढ़ाने के लिए आपको ही कदम उठाने होंगे। इस बारे में आप किसी अनुभवी दोस्त से चर्चा कर सकते हैं।