कोरोना वायरस के केस पिछले दिनों भारत में काफी कम हो गए थे। लगने लगा था कि मानों देश महामारी की चपेट से अब आजाद हो जाएगा। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के आंकड़ो में भारी इजाफा हुआ है। खात तौर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान दिल्ली में एक बार फिर से कोरोना के नए मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में रोजाना बढ़ रहे नए मामलों ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है।
दिल्ली में सोमवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना के 500 से अधिक मामले आए। इसके साथ ही राजधानी में कोविड -19 पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.72 फीसदी हो गई। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कल यानी 20 अप्रैल को एक अहम बैठक करने जा रहा है ताकि मामलों में अचानक वृद्धि से निपटने के तरीकों पर फैसला किया जा सके।
पॉजिटिविटी रेट में 3 गुना की बढ़ोतरी
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राजधानी ने 11 से 18 अप्रैल के बीच कोविड-19 पॉजिटिविटी रेट में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 11 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट 2.70 फीसदी थी जो 15 अप्रैल को बढ़कर 3.95 प्रतिशत हो गई। इसके बाद 16 अप्रैल को 5.33 फीसदी और 18 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.72 फीसदी हो गई। 1 अप्रैल को दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.5 फीसदी थी।
कोरोना केस में भी तेजी से हो रही बढ़ोतरी
दिल्ली में सोमवार को कोविड-19 के 501 नए मामले सामने आने से राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18,69,051 हो गई। हालांकि, मृतकों की संख्या 26,160 पर बरकरार है क्योंकि इस दौरान किसी मरीज की मौत नहीं हुई। दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 517 नए मामले सामने आए थे। सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, एक दिन पहले कुल 6,492 कोविड-19 टेस्ट की गई थी। इसके अनुसार कुल 1,188 कोविड मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि जैसे-जैसे कोरोना के मामले बढ़ेंगे मृत्यु दर और अस्पताल में भर्ती होने की दर में कुछ वृद्धि होगी, लेकिन यह नियंत्रण से बाहर नहीं होगा। सर गंगा राम अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ अभिनव गुलियानी ने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए। मामलों में वृद्धि होगी लेकिन यह नियंत्रण से बाहर नहीं होगा। इस बीच दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने साफ कहा है कि हमें कोरोना के साथ जीना सीखना होगा।