COVID-19: गुरुग्राम में भी कोरोना ने दी दस्तक, महिला में संक्रमण की पुष्टि होने पर पूरे हरियाणा में अलर्ट

Corona Cases in Gurugram: जिला निगरानी अधिकारी डॉ. जय प्रकाश रजलीवाल ने बताया कि कोरोना से संक्रमिक महिला मरीज का घर पर इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि उसकी हालत बेहतर हो रही है। संक्रमित महिला के संपर्क में आए उसके परिवार के सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं। हालांकि, उनमें से किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है

अपडेटेड Dec 22, 2023 पर 11:25 AM
Corona Cases in Gurugram: देशभर में कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 के 21 नए मामले सामने आ चुके हैं

Gurugram Corona Virus: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस सिर उठाता दिख रहा है। देशभर में कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 के 21 नए मामले सामने आ चुके हैं। दिल्ली-NCR में भी कोरोना के कई केस सामने आ चुके हैं। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के बाद अब हरियाणा के गुरुग्राम में भी कोरोना का एक केस मिला है। गुरुग्राम में विदेश से लौटी एक महिला में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निर्देशों पर डॉक्टर खांसी, जुकाम और बुखार होने पर OPD में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। जिन मरीजों में कोरोना के लक्षण मिल रहे हैं, उनका तुरंत टेस्ट कराया जा रहा है।

गुरुग्राम में एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि विभाग ने गुरुवार को 62 ऐसे संदिग्ध मरीजों की पहचान की। वह नगरीय अस्पताल की OPD और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों को दिखाने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान करने के बाद सभी के सैंपल लिए गए और जांच के लिए उन्हें लैबोरेटरी भेजा गया। सभी संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।

स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 22 मरीजों के सैंपल एंटीजन किट से लिए गए। उन्होंने बताया कि 10 मरीजों की रिपोर्ट सरकारी लैबोरेटरी से आनी बाकी है। जिला निगरानी अधिकारी डॉ. जय प्रकाश रजलीवाल ने बताया कि कोरोना से संक्रमिक महिला मरीज का घर पर इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि उसकी हालत बेहतर हो रही है। संक्रमित महिला के संपर्क में आए उसके परिवार के सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं। हालांकि, उनमें से किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।


गुरुग्राम के सिविर सर्जन डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया, ''कोरोना वायरस को लेकर जिले में हालात काबू में हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार को 62 संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेजे गए हैं।''

महाराष्ट्र में भी अलर्ट

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को एक बैठक की। शिंदे ने देश के कुछ हिस्सों में JN.1 वेरिएंट के मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की। शिंदे ने कहा कि राज्य स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और लोगों को खासकर आगामी त्योहार और नए साल के कारण घबराना नहीं बल्कि सावधानी बरतनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Covid 19 JN.1: नोएडा में कोरोना की एंट्री, नेपाल से आया शख्स संक्रमित, कई महीनों बाद केस दर्ज

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिंदे ने अपने संबोधन में कहा कि नए सब-वेरिएंट के लक्षण हल्के हैं लेकिन यह बहुत तेजी से फैलता है। सीएम ने बताया कि राज्य में कोरोना के फिलहाल 45 मरीज हैं, जिनमें मुंबई में 27, पुणे एवं ठाणे में 8-8, जबकि कोल्हापुर और रायगढ़ में एक-एक मरीज कोरोना से संक्रमिक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।