भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवात जवाद के मद्देनजर आज के लिए पश्चिम बंगाल तट पर आंधी-तूफान की भविष्यवाणी करते हुए एक रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच, 30 नवंबर को जारी एक रिलीज के अनुसार कुछ जिलों के लिए 4-5 दिसंबर के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
चक्रवाती तूफान की गति पर नजर रखे हुए आईएमडी ने शनिवार को बताया कि रविवार को ओडिशा में पुरी के पास पहुंचने से पहले इसके गहरे दबाव के कमजोर होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवाती तूफान जवाद के 4 दिसंबर को ओडिशा तट से टकराने की संभावना है। इस बीच, चक्रवात के पूर्वानुमान के बीच ओडिशा के कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान जवाद के 4 दिसंबर को राज्य में पहुंचने की संभावना के चलते ओडिशा सरकार ने सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य ने बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और दमकल विभाग के कर्मियों को बुलाकर आपदा प्रबंधन रणनीति भी तैयार की है।
आईएमडी ने कहा है कि ये चक्रवात उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 4 दिसंबर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट पर पहुंच जाएगा। चक्रवात जवाद पर आईएमडी वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा '4 जिलों में रेड वार्निंग जारी की गई है जबकि 7 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही मछुआरों को 3 से 5 दिसंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई।'
आईएमडी की भविष्यवाणी जारी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में चक्रवात से संबंधित स्थिति पर एक बैठक की अध्यक्षता की। तूफान को लेकर अधिकारियों से बातचीत में सभी जरूरी कदम उठाने के लिए दिशा-निर्देश दिये।
4 दिसंबर को ओडिशा तट से टकराने वाले चक्रवाती तूफान के मद्देनजर, IMD ने गजपति, गंजम, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें भारी से बहुत मूसलाधार बारिश (7-20 सेमी) की भविष्यवाणी की गई है।
उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और हावड़ा जिलों के लिए भारी बारिश (7-11 सेमी) के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, कोलकाता और हावड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी से मूसलाधार बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है।
हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्धमान और मालदा जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की संभावना है। यहां के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।