देश की राजधानी दिल्ली में आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इस भंयकर गर्मी से लोग अब कराहने लगे हैं। 28 मई का दिन दिल्ली में साल का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। इस मौसम में अब तक का सबसे गर्म दिन 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार तीसरे दिन पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। 28 मई को गर्मी ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली के मुंगेशपुर समेत 7 जगहों पर पारा 50 के करीब पहुंच गया। इससे पहले, दिल्ली में सोमवार को तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियबाद, गुरुग्राम समेत NCRके सभी इलाकों में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। गुरुगाम में तो 80 साल बाद पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 28 मई से 31 मई तक हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।
Delhi Heatwave: दिल्ली के इन इलाकों में भीषण गर्मी
दिल्ली के कुछ हिस्सों में करीब 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। दिल्ली के बाहरी मुंगेशपुर और नरेला में मंगलवार को तापमान सामान्य से 9 डिग्री ज्यादा 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नजफगढ़ में तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पीतमपुरा और पूसा में तापमान 48.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में अब तक का यह सबसे ज्यादा तापमान है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 15 मई 2022 को मुंगेशपुर में तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। NCR के सभी शहरों के हाल बेहाल हैं। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नोएडा में 47.3 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 47 डिग्री सेल्सियस और गाजियाबाद में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Delhi Heatwave: शनिवार को दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। वहीं IMD ने शुक्रवार और शनिवार (31 मई और 1 जून) को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके साथ ही ये बी कहा है कि बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आ सकती है।