Kanjhawala Case: मुरथल में पार्टी, ढाई बोतल पी शराब... लड़की को मौत के घाट उतारने से पहले पांचों आरोपियों ने किया ये काम

Kanjhawala Case: आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि नए साल के अवसर पर पहले वे हरियाणा के मुरथल ढाबा गए थे। वापसी दुर्घटना के वक्त, जब उन्होंने अंजलि की स्कूटी को टक्कर मारी तो वे नशे में थे। लड़की को घसीट कर ले जाने वाली कार में सवार पांचों ने रास्ते में कम से कम ढाई बोतल शराब पी थी

अपडेटेड Jan 04, 2023 पर 10:46 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Kanjhawala Case: पांचों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ के दौरान उस रात नशे में होने की बात कबूल कर ली है

Delhi Kanjhawala Case: नए साल के दिन दिल्ली के सुल्तानपुरी (Sultanpuri) इलाके में 20 वर्षीय लड़की अंजलि सिंह (Anjali Singh) को मौत के घाट उतारने वाली कार में कथित तौर पर सवार सभी पांचों आरोपियों ने चलती कार में कम से कम ढाई बोतल शराब पी थी। घटना के वक्त पांचों हरियाणा के मुरथल (Murthal in Haryana) से लौटे थे। पांचों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ के दौरान उस रात नशे में होने की बात कबूल कर ली है। लड़की को घसीट कर ले जाने वाली कार में सवार पांचों ने रास्ते में कम से कम ढाई बोतल शराब पी ली थी।

मामले में दर्ज FIR के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल ने घटना के कुछ घंटों पहले कार उधार ली थी। घटना एक जनवरी की रात करीब दो बजे की है। गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर सोमवार को आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने कंझावला और अमन विहार के बीच बनी पुलिस चौकियों से बचने का प्रयास किया और इलाके में घूमते रहे, उन्होंने तीन बार यू-टर्न लिया।

रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी पहले मुरथल गए थे, जो दिल्ली से 45 किमी दूर स्थित है। NDTV को सूत्रों ने बताया कि हालांकि, पांचों आरोपियों को मुरथल के ढाबे में बैठने की जगह नहीं मिली। इसके बाद वे उत्तर पश्चिम और बाहरी दिल्ली में रहने वाले इलाकों की ओर चले गए। उन्होंने सड़क किनारे फूड आउटले पर खाना खाया। उसके बाद चलती कार में फिर से शराब पी। इसी दौरान उन्होंने अंजलि सिंह की स्कूटी को टक्कर मार दी।


आरोपियों ने उधार ली थी कार

दीपक और अमित ने अपने दोस्त आशुतोष से कार ली थी। बाद में दुर्घटना की हालत में कार को उसके घर पर छोड़कर चले गए। FIR में कहा गया है कि दोनों ने आशुतोष से कहा कि उन्होंने ड्रिंक की है और कार कृष्ण विहार इलाके में एक स्कूटी से दुर्घटनाग्रस्त हो गई, बाद में वे कंझावला की ओर भाग गए।

मृतका की सहेली का बयान दर्ज

कंझावला कांड में मारी गई 20 वर्षीय अंजलि सिंह के साथ दुर्घटना के वक्त स्कूटी पर सवार उसकी सहेली निधि का दिल्ली पुलिस ने पता लगाकर मंगलवार को उसका बयान दर्ज किया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह युवती अंजलि की सहेली है और दुर्घटना में उसे हल्की चोटें आई हैं। जबकि कार के नीचे करीब 12 किलोमीटर तक घसीटने से अंजलि की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- Delhi Kanjhawala Accident: 'बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही गाड़ी के नीचे फंसी अंजली', दोस्त निधि का दावा उसे भी टक्कर मारने की हुई कोशिश

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वह (मृतका की सहेली) डर गई थी और दुर्घटना के बाद वहां से भाग गई। पुलिस ने बताया कि मृतका की सहेली ने किसी को भी दुर्घटना के बारे में नहीं बताया और उसका पता सीसीटीवी फुटेज की मदद से लगा है। हुड्डा ने कहा कि अब हमारे पास घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी है और वह पुलिस का सहयोग कर रही है। हम दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कर रहे हैं। यह महत्वपूर्ण बात है।

क्या है पूरा मामला?

कंझावला में 20 वर्षीय युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और युवती को सुल्तानपुरी से कंझावाला तक करीब 12 किलोमीटर घसीटते हुई ले गई। रविवार को हुई इस घटना में युवती की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार में कथित तौर पर सवार पांच लोगों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के एक सूत्र ने कहा, ‘‘युवती के निजी अंगों पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।’’

पुलिस के अनुसार, युवती अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाली थी। 31 दिसंबर की रात को उसकी स्कूटी कार से टकरा गई और वह कार के नीचे फंस गई। उसे करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था और कंझावला में एक सड़क पर उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला। सुल्तानपुरी की रहने वाली महिला एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में ‘पार्ट-टाइम’ काम करती थी और घटना के समय नए साल की पूर्व संध्या पर काम पर गई हुई थी।

निधि का बयान

अंजलि की सहेली निधि (Nidhi) ने बताया कि वे शनिवार की रात अपने दोस्तों से मिलने एक होटल में गई थीं। उसने दावा किया कि अंजलि शराब के नशे में थी और उसने स्कूटी चलाने नहीं देने पर चलते दुपहिया से कूदने की धमकी भी दी। पीड़िता की दोस्त ने दावा किया, ‘‘हम देर रात करीब 1:45 बजे होटल से निकले। वह (अंजलि) स्कूटी चलाना चाहती थी, लेकिन मैंने कहा कि मैं चलाउंगी। जब हम वहां से निकल गए और रास्ते में थे तो अंजलि ने कहा कि अगर उसे स्कूटी नहीं चलाने दी तो वह चलते दुपहिया से कूद जाएगी। उसने कहा कि यह मेरी स्कूटी है और मैं चलाऊंगी।’’

उसने आगे दावा किया, ‘‘मैंने उसे स्कूटी चलाने दी। कुछ दूर ही चलने पर हम ट्रक को टक्कर मारते-मारते बचे। हालांकि मैं पीछे बैठी थी, लेकिन फिर भी ब्रेक लगाने में कामयाब रही। फिर हम वहां से चले और आगे बढ़े। लेकिन एक अन्य कार ने हमारी स्कूटी को टक्कर मार दी। अंजलि कार के नीचे फंस गई, जबकि मैं सड़क की दूसरी ओर जा गिरी।’’

पीड़िता की दोस्त ने बताया कि उसे भी आंखों पर हल्की चोटें आई, लेकिन अंजलि कार के नीचे फंस गई। पीड़िता की दोस्त ने दावा किया, ‘‘कार रूकी नहीं। वह चलती रही और फिर उन्होंने कार बैक की और फिर तेजी से आगे रवाना हो गई।’’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।