गोवा पुलिस ने दिल्ली की एक महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। शिकायत दर्ज करने की वजह भी काफी हैरान करने वाली है। दरअसल दिल्ली की एक महिला ने फ्लाइट में यात्रा के दौरान अपने पालतू कुत्ते का पिंजरा खोल दिया। जिसके बाद प्लेन में मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बन गया। अब गोवा पुलिस ने दिल्ली की अलीशा अधाना नाम की महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कुत्ते को चुप कराने के लिए खोला पिंजरा
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक महिला पर गोवा जाने वाली फ्लाइट में अपने साथी यात्रियों की जान को जोखिम में डालने की शिकायत दर्ज कराई गई। महिला फ्लाइट में अपने पालतू कुत्ते को साथ में लेकर सफर कर रही थी। पिंजरे में बंद होने की वजह से महिला का कुत्ता लगातार शोर मचा रहा था। जिसके बाद महिला ने उसके पिंजरे को खोल दिया था।
अकासा एयरलाइन में हुई घटना
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना कथित तौर पर अकासा एयरलाइन में घटित हुई। विमान के गोवा एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद फ्लाइट के मैनेजर ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। एयरलाइन के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि महिला पर क्रू मेंबर्स के साथ फ्लाइट के यात्रियों की जान को खतरे में डालने के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फ्लाइट में पालतू जानवरों का पिंजरा खोलना है मना
कथित तौर पर, अधाना परिवार के एक सदस्य के साथ दिल्ली से फ्लाइट में सवार हुई थीं। एयरलाइन के प्रोटोकॉल के अनुसार, पालतू वाहक को केबिन में रखा जाना था लेकिन पिंजरा नहीं खोलना था। हालांकि, उड़ान भरने के तुरंत बाद, कुत्ते ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुत्ते को शांत करने के लिए आरोपी ने उसे कुछ देर के लिए बाहर निकाला और अपनी गोद में रखा। हालांकि बाकी के यात्रियों ने इसका विरोध किया। जिस पर फ्लाइच के मैनेजर ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।