UP Rain: यूपी में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

UP Rain: उन्नाव से मिली खबर के अनुसार, हसनगंज के SDM नवीन चंद्र ने बताया कि उन्नाव में कई स्थानों पर बिजली गिरने से हसनगंज तहसील में 140 भेड़ों की मौत हो गई। राहत आयुक्त कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि बलिया, बाराबंकी, बदायूं, फर्रुखाबाद, कासगंज, खीरी, कुशीनगर, मऊ, मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों की 19 तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं

अपडेटेड Sep 11, 2023 पर 7:20 PM
UP Rain: 15 सितंबर तक यूपी में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है

UP Rain: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। खासकर राज्‍य के कुछ जिलों में स्कूल दिनभर के लिए बंद कर दिए गए। यूपी सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि हरदोई में 4, बाराबंकी में 3, प्रतापगढ़ और कन्नौज में 2-2 और अमेठी, देवरिया, जालौन, कानपुर, उन्नाव, संभल, रामपुर और मुजफ्फरनगर जिलों में एक-एक लोगों मौत की सूचना मिली है। लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। बयान में कहा गया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 140 भेड़ों की भी मौत हो गई।

राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 22 जिलों मुरादाबाद, संभल, कन्नौज, रामपुर, हाथरस, बाराबंकी, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, बहराइच, लखनऊ, बदायूं, मैनपुरी, हरदोई, फिरोजाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, सीतापुर, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी और फतेहपुर में 40 मिमी से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी यूपी में 14 सितंबर तक भारी बारिश होने की आशंका है। जबकि 17 तारीख तक हल्की बारिश जारी रहेगी। अधिकारी ने कहा राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में भी 17 तारीख तक बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है।

कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित


15 सितंबर तक यूपी में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बाराबंकी में रेलवे ट्रैक पर पानी आ जाने से कई ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई है। अधिकारियों के आदेश पर स्कूल बंद हैं। लखनऊ में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने मौसम विभाग द्वारा जारी की गई बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत सोमवार को 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य की राजधानी के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव से उत्पन्न होने वाली समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जा रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में 99.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले के एक अधिकारी ने कहा कि शहरी इलाकों में नगर निगम की कई टीम और ग्रामीण इलाकों में SDM के नेतृत्व वाली टीम तैनात हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन इलाकों का दौरा करने के अलावा, गौशालाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। जिले के एक अधिकारी ने बताया कि व्यस्त गोमती नगर इलाके में यातायात को परिवर्तित करने की व्यवस्था करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां लगातार बारिश के कारण एक प्रमुख सड़क का एक हिस्सा ढह गया। वाहनों की सुचारु आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।

लखीमपुर खीरी में स्कूल बंद

लखीमपुर खीरी में सभी आठ तहसील क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। रविवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में मुख्य मार्गों और संपर्क रूट्स पर जलजमाव हो गया है। सभी सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के बीच निपुण मूल्यांकन परीक्षा सोमवार और मंगलवार को आयोजित होने वाली है। लखीमपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) प्रवीण तिवारी ने पत्रकारों को बताया कि निपुण मूल्यांकन परीक्षा स्थगित कर दी गई।

140 भेड़ों की मौत

उन्नाव से मिली खबर के अनुसार, हसनगंज के SDM नवीन चंद्र ने बताया कि उन्नाव में कई स्थानों पर बिजली गिरने से हसनगंज तहसील में 140 भेड़ों की मौत हो गई। राहत आयुक्त कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि बलिया, बाराबंकी, बदायूं, फर्रुखाबाद, कासगंज, खीरी, कुशीनगर, मऊ, मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों की 19 तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं।

ये भी पढ़ें- Firecrackers Bans: दिल्ली में इस साल भी दिवाली पर नहीं फोड़ सकेंगे पटाखे, केजरीवाल सरकार ने किया बैन

55,982 की आबादी प्रभावित

बारिश से करीब 173 गांव और 55,982 की आबादी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्‍य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की कई टीम को तैनात किया गया है। अधिकारी ने कहा, यदि कोई कृषि क्षति हुई है, तो उसका मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों में भी जलजमाव की सूचना मिली है और उसे निकालने के प्रयास जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।