DGCA ने SpiceJet के 90 पायलटों को Boeing 737 Max उड़ाने से रोका, जानें क्या है वजह

SpiceJet के बेड़े में वर्तमान में 13 Boeing 737 Max विमान हैं जिनमें से वह 11 का संचालन करती है, एयरलाइन का कहना है कि इन विमानों पर संचालित होने वाली 60 दैनिक उड़ानें प्रभावित नहीं होंगी

अपडेटेड Apr 13, 2022 पर 11:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
DGCA ने सिम्युलेटर ट्रेनिंग में खामियों का पता लगाने के बाद यह एक्शन लिया है

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने स्पाइसजेट (SpiceJet) पर बड़ी कार्रवाई की है। DGCA ने स्पाइसजेट के 90 पायलटों को बोइंग 737 मैक्स (Boeing 737 MAX) उड़ाने से रोक दिया है। DGCA ने सिम्युलेटर ट्रेनिंग में खामियों का पता लगाने के बाद यह कार्रवाई की है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन पायलटों को राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एक फैसिलिटी में सिम्युलेटर ट्रेनिंग दी गई थी।

इन पायलटों को अब DGCA की संतुष्टि के लिए दोबारा ट्रेनिंग से गुजरना होगा। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि ये पायलट अन्य बोइंग 737 विमानों के लिए उपलब्ध रहेंगे। DGCA डायरेक्टर अरुण कुमार ने टाइम्स ऑफ इंडिया से इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इन (90) पायलटों को Boeing 737 Max उड़ाने से रोक दिया गया है।

ये भी पढ़ें- कार्वी घोटाला मामले में लापरवाही दिखाने के लिए सेबी ने BSE और NSE पर लगाया जुर्माना


इस कथित चूक के बाद एयरलाइन की पायलट ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी नियामक की जांच के दायरे में आ गई है। बता दें कि भारत में बोइंग 737 मैक्स पर से प्रतिबंध 2021 में हटा लिया गया था।

स्पाइसजेट का बयान

स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा कि डीजीसीए ने 90 पायलटों के ट्रेनिंग प्रोफाइल पर एक ऑब्जर्वेशन किया था। इनके बोइंग 737 मैक्स (Boeing 737 MAX) उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। ये पायलट डीजीसीए की संतुष्टि के लिए फिर से ट्रेनिंग से गुजरेंगे।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसेजट एयरलाइन के बेड़े में वर्तमान में 13 Boeing 737 Max विमान हैं जिनमें से वह 11 का संचालन करती है। एयरलाइन का कहना है कि इन विमानों पर संचालित होने वाली 60 दैनिक उड़ानें प्रभावित नहीं होंगी। मैक्स के लिए 650 प्रशिक्षित पायलटों में से 560 अभी भी उपलब्ध हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।