Drug Bust: ₹7,000 करोड़ के ड्रग्स मामले में एक्शन! दिल्ली और मुंबई में ED की रेड, ब्रिटिश नागरिक समेत 6 के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

Drug Bust in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले एक सप्ताह से लगातार करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामदी हो रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ब्रिटेन का नागरिक सविंदर सिंह पिछले महीने 208 किलोग्राम की खेप के परिवहन और डिलीवरी की निगरानी के लिए भारत आया था। माना जा रहा है कि यह खेप दक्षिण अमेरिकी देशों से लाई गई है

अपडेटेड Oct 11, 2024 पर 7:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Drug Bust in Delhi: दिल्ली पुलिस ने पिछले 10 दिनों में कम से कम 7,000 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की है

Drug Bust in Delhi: दिल्ली पुलिस ने 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की कोकीन जब्ती मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। राष्ट्रीय राजधानी में 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की कोकीन की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक समेत छह लोगों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। पुलिस ने बताया कि जिन छह लोगों के खिलाफ एलओसी जारी किया गया है उनमें भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक भी शामिल है। वह पश्चिमी दिल्ली से 208 किलोग्राम ड्रग्स की ताजा बरामदगी से पहले देश छोड़कर भाग गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ब्रिटिश नागरिक सविंदर सिंह (Savinder Singh) पिछले महीने 208 किलोग्राम कोकीन की खेप ले जाए जाने की निगरानी के लिए भारत आया था । संदेह है कि यह खेप दक्षिण अमेरिकी देशों से लाई गई थी।

उन्होंने बताया कि ब्रिटेन भागने से पहले सिंह दिल्ली में तीन अलग-अलग स्थानों पर 25 दिन बिताये थे। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद वह ब्रिटेन भाग गया । उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां दो अक्टूबर को की गईं थीं।


जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "अभी तक हमने छह लोगों के खिलाफ एलओसी जारी की है जिनमें से कुछ विदेशी नागरिक हैं। इनमें से एक वह व्यक्ति है, जिसने पश्चिमी दिल्ली के रमेश नगर में 208 किलोग्राम कोकीन छिपाकर रखा था, और ब्रिटेन भाग गया था।"

एक दर्जन लोगों पर पुलिस की नजर

अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल एक दर्जन लोगों पर दिल्ली पुलिस की नजर है। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के सरगना वीरेंद्र बसोया उर्फ ​​वीरू के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। माना जा रहा है कि वह दुबई में रह रहा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार (10 अक्टूबर) को पश्चिमी दिल्ली में एक किराये की दुकान से 2,080 करोड़ रुपये मूल्य की 208 किलोग्राम कोकीन जब्त की थी। यह एक सप्ताह में बरामद की गई नशीले पदार्थ की दूसरी बड़ी खेप थी। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने 560 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना जब्त कर सबसे बड़े ड्रग रैकेट में से एक का भंडाफोड़ किया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5,620 करोड़ रुपये है।

दिल्ली और मुंबई में ED की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 7,000 करोड़ रुपये की कोकीन की खेप बरामदी के मामले में दिल्ली और मुंबई में छापेमारी की है। ED ने शुक्रवार को एक बयान में बताया किदिल्ली जोनल कार्यालय ने 11 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी अभियान दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल द्वारा 602 किलोग्राम से अधिक वजन वाले नारकोटिक और साइकोट्रॉपिक पदार्थों जैसे कोकीन और हाइड्रोपोनिक मारिजुआना की खेप की जब्ती के मामले में चलाया गया। तलाशी अभियान के दौरान, विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए और उन्हें जब्त कर लिया गया।

दिल्ली में फिर 3.3 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो विदेशी नागरिकों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 3.3 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो नाइजीरियाई नागरिकों के पास से 563 ग्राम कोकीन जब्त किया है। दोनों नाइजीरियाई नागरिकों को एक टैक्सी चालक के साथ 27 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।

ये भी पढ़ें- Drug Bust in Delhi: दिल्ली में बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, अब ₹2000 करोड़ की 200 kg कोकीन जब्त

पूछताछ के दौरान अमराचुक्वा ने खुलासा किया कि एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक माइक ने उसे नशीला पदार्थ मुहैया कराया था और वह दिल्ली-एनसीआर में कोकीन बेचता था। पुलिस ने बताया कि विनीत ने हर सौदे में अमराचुक्वा का साथ दिया। वह अपनी टैक्सी में परिवहन सुविधा उपलब्ध कराकर उसकी सहायता करता था। पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त कोकीन की कीमत 3.3 करोड़ रुपये है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।