Earthquake in Delhi NCR: रविवार यानी 5 अगस्त की रात दिल्ली एनसीआर सहित देश के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटकों से डर कर कई सारे लोग अपने घरों से बाहर भी निकल गए। रविवार की रात दिल्ली और इससे सटे एनसीआर रीजन में आने वाले इलाके जैसे कि नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और गाजियाबाद सहित आस पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबरें हैं।
कहां था इस भूकंप का केंद्र
रविवार की रात आए इस भूकंप का केंद्र जम्मू और कश्मीर के इलाके गुलमर्ग में था। मीडिया में चल रही खबर के मुताबिक रविवार को रात 9 बजकर 34 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि अभी तक इसमें किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की कोई भी खबर नहीं है। भूकंप के इन झटकों की रेक्टर स्केल पर तीव्रता 5.5 मापी आंकी गई है।
2023 में कई बार आ चुके हैं भूकंप
साल 2023 में कई बार भूकंप से धरती हिल चुकी है। इस साल का सबसे भयावह भूकंप तुर्की और सीरिया में आया था। तुर्की और सीरिया में आए भूकंप की तीव्रता 7.8 रेक्टर स्केल की थी। वहीं इसमें कुल 59,259 लोग मारे गए थे। वहीं पिछले महीने राजस्थान और मणिपुर में भी भूकंप के झटके आए थे। जुलाई में राजस्थान और मणिपुर दोनों ही जगह 4.4 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। जबकि जुलाई में ही जम्मू कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रेक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.8 आंकी गई थी। वहीं भूवैज्ञानिकों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील स्थिति में है। इन क्षेत्रों में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं का असर देश की राजधानी दिल्ली समेत देश के बाकी के मैदानी इलाके पर बड़े पैमाने पर देखने को मिल सकता है।