Eating fruits: फल प्रकृति की सबसे खूबसूरत देन है। ये कई तरह की गंभीर बीमारियों से बचाने का काम करते हैं। अगर आप रोज इनका सेवन करेंगे तो फायदे जरूर महसूस करेंगे। हर किसी को अपनी डाइट में फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। फलों में विटामिन और खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। फल दुनिया के सबसे हेल्दी फूड्स माने जाते हैं। जरूरत है इन्हें सही तरीके से खाने की। कई लोग फलों का सेवन गलत तरीके से करते हैं। जिससे फायदा होने के बजाय नुकसान करने लगते हैं।
फल ना सिर्फ नेचुरल फूड होते हैं बल्कि ये सुक्रोज, फ्रुक्टोज और ग्लूकोज से भी भरे होते हैं। जिनकी शरीर को कार्य करने के लिए आवश्यकता होती है। फलों के सेवन से शरीर के टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है।
फल खाते समय कभी न करें ऐसी गलतियां
भोजन करने के तुरंत बाद कभी न करें फलों का सेवन
भोजन करने के बाद तुरंत फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे आपकी पाचन शक्ति खराब हो सकती है। दरअसल भोजन और फलों में पाए जाने वाले एंजाइम अलग-अलग होते हैं। भोजन करने के बाद फल खाने से पेट में गड़बड़ी हो सकती है। जिससे फायदा करने के बजाय यह नुकसान कर सकते हैं। ऐसे में भोजन करना और फलों के सेवन के बीच करीब 30 मिनट का गैप जरूर रखें।
लंबे समय तक कटे हुए फलों का कभी न करें सेवन
अगर आप फलों को फ्रिज में रखते हैं तो लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं। लेकिन फ्रिज में फल रखते ही जल्द ही उन्हें खा लेना चाहिए। लंबे समय तक कटे हुए फलों को रखने से फलों का स्वाद और पोषक तत्व में कमी आ जाती है। केले जैसे फलों को फ्रिज में रखने से पोषक तत्वों में कमी आ सकती है। साबुत फलों को ही हमेशा फ्रिज में रखना चाहिए।
फल खाने के बाद तुरंत पानी न पिएं
सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी अक्सर फलों को खाने के तुरंत बाद पानी पी लेते हैं। फल खाने के बाद पानी पीने से डाइजेशन सिस्टम का पीएच लेवल बिगड़ सकता है। ऐसे में फलों के सेवन के बाद तुरंत पानी नहीं पीना चाहिए। हेल्थ एक्पर्ट्स का कहना है कि अधिक पानी वाले फल खाने के बाद पानी पीने से आपको डायरिया या हैजा की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
रात में कभी न करें फलों का सेवन
सोने से पहले फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे पाचन शक्ति पर असर पड़ता है। दरअसल, सोने से तुरंत पहले फलों का सेवन करते हैं तो इनमें से शुगर रिलीज होता है जो आपकी नींद में खलल डाल सकता है। इसके साथ ही इनमें शुगर होने के कारण आपकी बॉडी एक्टिव हो जाती है। जिससे आपको नींद नहीं आ पाती। ऐसे में जरूरी है कि शाम के बाद फलों का सेवन नहीं करना चाहिए।