Elon Musk ने ट्विटर में शुरू किया भाई-भतीजावाद, अंकल के 2 बेटों को दी नौकरी

ट्विटर (Twitter) के नए बॉस एलॉन मस्क (Elon Musk) ने अपने दो कजिन को सोशल मीडिया कंपनी में हायर किया है। एंड्रयू मस्क (Andrew Musk) और जेम्स मस्क (James Musk), एलॉन मस्क के अंकल के बेटे हैं और इन्हें हाल ही में ट्विटर में हायर किया गया है

अपडेटेड Dec 12, 2022 पर 10:55 PM
मस्क टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के कई सीनियर एग्जिक्यूटिव्स को ट्विटर में लेकर आए हैं

ट्विटर (Twitter) के नए बॉस एलॉन मस्क (Elon Musk) ने अपने दो कजिन को सोशल मीडिया कंपनी में हायर किया है। इनसाइडर ने मामले से वाकिफ दो सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक एंड्रयू मस्क (Andrew Musk) और जेम्स मस्क (James Musk), एलॉन मस्क के अंकल के बेटे हैं और इन्हें हाल ही में ट्विटर में हायर किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एंड्रयू मस्क ट्विटर के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़े हैं। क्रंचबेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक एंड्रयू इससे पहले न्यूरालिंक के लिए भी काम कर चुके हैं, जो एलॉन मस्क की एक और कंपनी है। जेम्स मस्क की जॉब की कोई डिटेल नहीं है और रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से "फिक्सर टाइप" का बताया गया है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्विटर को खरीदने के बाद से एलॉन मस्क ने अपनी विश्वासपत्र लोगों को इस सोशल मीडिया कंपनी में लाना शुरू किया है। सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के कई सीनियर एग्जिक्यूटिव्स को ट्विटर में लेकर आए हैं।

मस्क इससे पहले ट्विटर को खरीदने के तुरंत बाद ही टेस्ला से करीब 50 इंजीनियरों को ट्विटर में लेकर आए थे और इनमें से अधिकतर उनकी ऑटोपायलट टीम के थे। मस्क के लंबे समय के वकील एलेक्स स्पिरो ने भी ट्विटर में अहम भूमिका निभाई थी।


यह भी पढ़ें- Tata Motors के बोर्ड ने IPO के जरिए Tata Technologies में अपनी हिस्सेदारी बेचने को दी सैद्धांतिक मंजूरी

ट्विटर का नया मालिक बनने के तुरंत बाद मस्क ने कंपनी में कई बड़े बदलाव लागू किए थे। साथ ही उन्होंने कंपनी को संभालने के कुछ ही हफ्तों में इसके करीब आधे कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। वहीं कंपनी के बाकी कर्मचारियों को जॉब में बने रहने के लिए कठिन परिश्रम करने के लिए तैयार रहने को कहा गया था।

इसके अलावा मस्क ने ट्विटर की ओर से कई यूजर्स के अकाउंट पर लगाए स्थायी बैन को वापस ले लिया और ट्विटर की वेरिफिकेशन पॉलिसी में भी बदलाव किया है।

ट्विटर के रेवेन्यू स्रोत में विविधता लाने के लिए उन्होंने नवंबर महीने के शुरुआत में पेड-वेरिफिकेशन सर्विस लॉन्च की है, जिसके तहत कोई भी हर महीने 8 डॉलर देकर अपना अकाउंट वेरिफाई करवा सकता है। हालांकि इसके लॉन्च होते ही ट्विटर पर कई बड़ी कंपनियों और जानी-मानी हस्तियों के फेक वेरिफाइड अकाउंट्स की बाढ़ आ गई, जिसके चलते कंपनी को इस सर्विस को रोकना पड़ा था। अब इसे 12 दिसंबर से फिर लॉन्च किया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।