G-20 Summit Delhi 2023: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीस सहित अन्य G20 के नेता 9 और 10 सितंबर को होने वाले समिट से एक दिन पहले शुक्रवार (8 सितंबर) को भारत पहुंचेंगे। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। G-20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों और अन्य विदेशी मेहमानों का दिल्ली आना शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी में G20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर 8 सितंबर से 10 सितंबर तक दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और ऑफिस बंद रहेंगे। 9 सितंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय इस मेगा इवेंट में कम से कम दो दर्जन विश्व नेता भाग लेंगे। दिल्ली पुलिस ने VIP मूवमेंट के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में कुछ अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह लॉकडाउन जैसा नहीं है। जानिए, दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद?
1. दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक स्कूल, कॉलेज और सभी ऑफिस बंद रहेंगे। नई दिल्ली जिले में सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। यानी कोई भी रेस्तरां, मॉल आदि नहीं खुलेंगे। साथ ही पर्यटक स्थल और होटल बंद रहेंगे।
2. नई दिल्ली नगर निगम (NDMC) एरिया में 8 से 10 सितंबर तक सभी व्यावसायिक गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। G20 कार्यक्रम प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसलिए उस क्षेत्र में और उसके आसपास गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। नई दिल्ली जिला राजधानी का मध्य भाग है। इसमें कनॉट प्लेस, छावनी क्षेत्र आदि एरिया शामिल हैं।
3. NDMC एरिया सहित पूरी दिल्ली में मेडिकल स्टोर, किराना की दुकानें, दूध, सब्जी और फल की दुकानें खुली रहेंगी। इसके अलावा ATM भी चालू रहेंगे।
4. कमर्शियल वाहनों और बसों को रिंग रोड और रिंग रोड से परे दिल्ली की सीमाओं की ओर सड़क नेटवर्क पर चलने की अनुमति होगी।
5. 9 सितंबर सुबह 5 बजे से नई दिल्ली जिले में कोई टैक्सी उपलब्ध नहीं होगी। होटलों में वैध बुकिंग वाले पर्यटकों को अनुमति दी जाएगी और वास्तविक निवासियों को ले जाने वाली कारों को भी नहीं रोका जाएगा। दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो लेने की सलाह दी है। हालांकि, इसमें यह नहीं कहा गया कि टिकट वाले यात्रियों वाले वाहनों को कहीं भी रोका जाएगा।
6. सभी प्रकार के माल वाहन, कमर्शियल वाहन, अंतर-राज्यीय बस और स्थानीय सिटी बस, जैसे दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम की बस का 8 और 8 सितंबर की मध्यरात्रि से 10 सितंबर की मध्यरात्रि तक मथुरा रोड (आश्रम चौक से आगे), भैरों रोड, पुराना किला रोड और प्रगति मैदान सुरंग के अंदर परिचालन नहीं होगा।
7. भारी माल वाहन, मध्यम माल वाहन और हल्के माल वाहन को 8 से 10 सितंबर 2023 को रात 11 बजकर 59 मिनट तक दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
8. ब्लू लाइन पर केवल सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन 9 और 10 सितंबर को बंद रहेगा। 8 से लेकर 10 सितंबर तक मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे शुरू होंगी।
9. दूध, सब्जियां, फल, मेडिकल आपूर्ति आदि जैसी आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले मालवाहक वाहनों को हालांकि वैध 'नो-एंट्री अनुमति' के साथ दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।
10. 8 सितंबर को NH-48 पर ट्रैफिक रोक किया जाएगा। इसलिए गुरुग्राम के सभी कंपनियों से कहा गया है कि वे अपने कर्मचारियों को 8 सितंबर को घर से काम करने के लिए कहें।