G20 Summit: पत्नी के Covid-19 पॉजिटिव होने के बाद भी भारत कैसे आ रहे हैं राष्ट्रपति जो बाइडेन? व्हाइट हाउस ने दिया ये जवाब
G20 Summit: 80 साल के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) का भी कोरोना टेस्ट (Corona Test) किया गया। हालांकि, उनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई और अब वे भारत आ रहे हैं। इस बीच एक सवाल ये उठ रहा है कि पत्नी के संक्रमित होने के बाद भी, बाइडेन भारत कैसे आ रहे हैं? व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति की टेस्ट रिपोर्ट दो बार नेगेटिव आई है और इस हफ्ते के आखिर में भारत और वियतनाम की उनकी यात्रा योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है
G20 Summit: पत्नी के Covid-19 पॉजिटिव होने के बाद भी भारत कैसे आ रहे हैं राष्ट्रपति जो बाइडेन?
जी20 शखर सम्मेलन (G20 Summit) से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) शुक्रवार को भारत पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति बाइडेन के दिल्ली पहुंचने से पहले खबर आई कि 72 साल की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन (Jill Biden) सोमवार को Covid-19 पॉजिटिव पाई गईं। इसके बाद 80 साल के राष्ट्रपति बाइडेन का भी कोरोना टेस्ट (Corona Test) किया गया। हालांकि, उनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई और अब वे भारत आ रहे हैं। इस बीच एक सवाल ये उठ रहा है कि पत्नी के संक्रमित होने के बाद भी, बाइडेन भारत कैसे आ रहे हैं?
हालांकि, व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन G20 शिखर सम्मेलन के लिए अपनी भारत यात्रा और वियतनाम यात्रा के दौरान सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) की Covid-19 गाइडलाइंस का पालन करेंगे।
व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति की टेस्ट रिपोर्ट दो बार नेगेटिव आई है और इस हफ्ते के आखिर में भारत और वियतनाम की उनकी यात्रा योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए, इसमें कहा गया कि राष्ट्रपति, हालांकि, सभी जरूरी सावधानियां बरत रहे हैं और CDC गाइडलाइंस के अनुसार स्टैंडर्ड प्रोसीजर का पालन कर रहे हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने मंगलवार को अपनी डेली ब्रीफिंग में मीडिया से कहा, “मैं आपको जो बता सकता हूं वो ये कि राष्ट्रपति अपने डॉक्टरों की तरफ से तय रेगुलर टेस्टिस कराने जा रहे हैं। राष्ट्रपति समेत सभी यात्री भारत की यात्रा से पहले भी टेस्ट कराएंगे।"
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को घोषणा की कि बाइडेन G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 7 सितंबर को भारत की यात्रा करेंगे और 8 सितंबर को ऐतिहासिक सम्मेलन के मौके पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
G20 Summit: अपनी भारत यात्रा पर क्या बोले बाइडेन?
G20 के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में, भारत 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में प्रभावशाली समूह के सालाना शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
उनकी यात्रा से पहले, पत्रकारों ने रविवार को बाइडन से पूछा कि क्या वह भारत और वियतनाम की अपनी यात्रा के लिए उत्सुक हैं। इस पर बाइडने ने कहा, "हां बिल्कुल।"
कैरिन जीन-पियरे ने कहा, "CDC संक्रमित शख्स के नजदीकी संपर्क के बाद हर दिन टेस्ट की सिफारिश नहीं करता है। यही उनकी सिफ़ारिश है। हम CDC दिशानिर्देशों का पालन करने जा रहे हैं। उन्होंने कई तरह की सलाह दी हैं, जिसमें मास्किंग, टेस्टिंग और लक्षणों की निगरानी शामिल है। उनमें कोई लक्षण नहीं है। हम उन गाइडलाइंस का पालन करते रहेंगे। वह अपने डॉक्टर से कंसल्ट करने जा रहे हैं।"
जीन-पियरे ने कहा कि सभी वरिष्ठ कर्मचारी अगर राष्ट्रपति के आसपास होते हैं, तो किसी भी समय उनका Covid-19 टेस्ट कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा “हम टेस्ट करते हैं। पिछले लगभग दो सालों से हम इसी तरह आगे बढ़े हैं। तो वो नहीं बदला है। व्हाइट हाउस का कोई प्रोटोकॉल नहीं बदलेगा, लेकिन जब हमारे राष्ट्रपति और उनके वरिष्ठ कर्मचारियों का बात आती है, तो हम लगातार टेस्टिंग करते हैं।”
प्रेस सचिव ने आगे कहा, "हमने उनकी यात्रा में कोई बदलाव, कोई अपडेट या परिवर्तन नहीं किया है। राष्ट्रपति की रिपोर्ट कल नेगेटिव आई। आज सुबह भी उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई और उनमें कोई लक्षण नहीं हैं। वह अच्छा महसूस कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे बताया, "बेशक, वह बहुत सतर्क रहेंगे और वह मास्क पहनेंगे, जैसा कि CDC गाइडलाइंस में कहा गया है। तो इसी तरह हम आगे बढ़ेंगे। हमारे पास कोई अपडेट और बदलाव नहीं है। हमारे पास किसी भी शेड्यूल में कोई अपडेट नहीं है और राष्ट्रपति ठीक महसूस कर रहे हैं और हम इस पर आगे बढ़ने जा रहे हैं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीज, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज, ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में शामिल होने जा रहे हैं।