भारतीय घरों में घी ऐसा खाद्य पदार्थ है जो खान पान से लेकर पूजा पाठ में जरूरत पड़ती है। जब भी घर में खाना बनता है तो दाल को इससे ही फ्राई करते हैं। यहां तक कि अगर घर पर कोई मेहमान आते हैं, तो उनको रोटी और दाल में घी जरूर लगाया जाता है। इसकी खपत ज्यादा होने के कारण बाजार में नकली घी भी बिकने लगा है। त्यौहारों के सीजन में तो नकली मिठाइयों, मेवों और घी की काली बाजार तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में असली देसी घी की पहचान करना बेहद जरूरी है। वैसे भी हर उम्र के लोगों के लिए घी दवा की तरह काम करता है।
आमतौर पर देसी घी काफी महंगा होता है। लिहाजा बहुत कम लोग इसे खरीद पाते हैं। इसी का फायदा उठाकर बाजार में नकली बिकने लगता है। नकली घी के सेवन से सेहत का कबाड़ा हो जाता है। ऐसे में नकली घी को पहचानने के लिए हम यहां आपके लिए कुछ सरल उपाय बता रहे हैं।
असली-नकली देसी घी की ऐसे करें पहचान
नमक से करें शुद्ध देसी घी की पहचान
घी असली है या नकली इसकी पहचान आप घर बैठे कर सकते हैं। इसके लिए घर परे नमक से भी असली घी की पहचान कर सकते हैं। सबसे पहले एक कटोरी लें और उसमें एक चम्मच घी डाल लें। इसके बाद उसमें थोड़ा सा नमक और हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाकर उसे 20 मिनट तक छोड़ दें। अगर आपको घी में कोई कलर नहीं दिखाई दे रहा है तो सका मतलब यह पूरी तरह से शुद्ध है। वहीं अगर घी में किसी भी तरह का कोई कलर दिखाई देने लगता है तो इसका मतलब ये हुआ कि यह पूरी तरह से नकली घी है।
घी को गर्म करके चेक करें असली है या नकली
घी को चेक करने का सबसे आसान तरीका उसे गर्म करना है। घी को गर्म करने पर अगर वह तुरंत पिघलकर भूरे रंग का हो रहा है, तो इसका मतलब है कि घी बिल्कुल शुद्ध है। अगर गर्म करने के दौरान वह भूरा होने के बजाय पीला होने लगा है, तो समझ जाइए कि इसमें कुछ मिलाया गया है।
घी की शुद्धता को अपने हाथों से भी चेक किया जा सकता है। इसके लिए आपको थोड़ा सा घी लेना है और उसे अपनी हथेली पर रगड़ना है। अगर वह तुरंत पिघलने लगे, तो इसका मतलब है कि घी पूरी तरह से शुद्ध है। अगर इसका उलटा होता है यानी कि वह नहीं पिघलता है, तो संभवतः उसमें मिलावट की गई है।
पानी से करें असली घी की पहचान
घी में मिलावट है, या नहीं इसे पहचानने के लिए सबसे पहले एक गिलास में पानी भर लें। फिर एक चम्मच में घी निकाल कर उसमें डाल दें। अगर घी पानी में तैरने लगे तो वह शुद्ध है। इसके उलट अगर घी पानी के अंदर डूब जाए तो यह मिलावटी है।
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधि, तरीकों और सुझाव पर अमल करने से पहले डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।