सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस बीच सोने की तस्करी भी तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में सूरत एयरपोर्ट पर एक महिला गिरफ्तार हुई है। दुबई से आई इस महिला पर सुरक्षा एजेंसियों को शक हुआ। इसके बाद एक्सरे कराया गया। महिला अपने मलाशय (Rectum) में दो कैप्सूल में सोना डालकर दुबई से भारत लाई थी। पिछले चार महीनों से यह महिला तस्कर हर महीने दुबई जा रही थी। इसी वजह से कस्टम और डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस को इस पर शक हुआ था। 7 जून को यह जैसे ही यह महिला दुबई से सूरत एयरपोर्ट पर उतरी तो इसे रोक लिया गया था। इस तरह की खबरें अक्सर आती रहती हैं।
हर मामले में गोल्ड छिपाने का तरीका अलग-अलग हो सकता है। लेकिन, एक चीज अक्सर कॉमन रहती है, वो है किस जगह से सोना लाया जा रहा है। 100 में से 100 दफा मामला दुबई का ही होता है। अब सवाल उठता है कि दुबई के सोने में ऐसी क्या खासियत है, जिसके लिए लोग कानून तोड़ने के साथ ही अपनी जान पर खेलने में भी तनिक संकोच नहीं करते।
महिला के पास 41 लाख का सोना बरामद
सूरत से दुबई और शारजाह की फ्लाइट शुरू होने के बाद सोने की तस्करी के मामले काफी बढ गए हैं। पिछले डेढ साल में ही सूरत एयरपोर्ट से तस्करी कर लाया गया 37 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया जा चुका है। महिला के पास से 41 लाख रुपये कीमत का 550 ग्राम सोना बरामद हुआ है। इस महिला को पकड़ने में एयरपोर्ट पर लगे एडवांस्ड पैसेंजर इंफोर्मेशन सिस्टम से मदद मिली। यह सिस्टम तुरंत बता देता है कि कौन से यात्री ने कितनी बार और कब-कब विदेश यात्रा की है। इसी सिस्टम के जरिए कस्टम और डीआरआई अधिकारियों को पता चला कि एक महिला हर महीने दुबई जाकर वापस आ रही है। इसके बाद इस पर नजर रखी गई और इसे पकड़ लिया गया।
अधिकारियों ने महिला का कराया एक्सरे
अधिकारियों ने महिला से पूछताछ की। सवालों के जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए। ऐसे में अधिकारियों ने महिला का ऐक्सरे कराया। महिला ने इंकार कर दिया। इसके बाद महिला को कोर्ट में पेश किया गया। फिर मेडिकल जांच की इजाजत ली गई। एक्स-रे में महिला के मलाशय में दो कैप्सूल्स में पेस्ट बनाकर डाला गया सोना नजर आ गया।
आखिर दुबई के सोने की क्यों बढ़ी डिमांड
दुबई के सोने की क्वॉलिटी को दूसरे मुल्कों के मुकाबले काफी बेहतर माना जाता है। साथ ही, वहां सोने पर काम भी काफी बारीकी से होता है। ऐसे-ऐसे डिजाइन होते हैं कि लोगों की नजर ही नहीं हटती। कई बार दुबई के 22 कैरेट गोल्ड को भारत जैसे बाजार में 24 कैरेट गोल्ड बताकर भी बेच दिया जाता है। भारत में बहुत से लोग दुबई में रोजगार करते हैं और वही सबसे ज्यादा गोल्ड भी लाते हैं। ज्यादातर लोग सोना कानूनी तरीके से ही लाते हैं।
दुबई से सोना लाने के लिए कुछ लोग गैरकानूनी रास्ता भी अपनाते हैं। इनमें से अधिकतर कामगार होते हैं, जो मजदूरी की तलाश में दुबई जाते हैं। दरअसल, स्मगलरों को इस तरह के लोगों की तलाश रहती है। कई बार एयरपोर्ट पर लोग अपने पेट या फिर प्राइवेट में भी गोल्ड लाते हुए पकड़े गए हैं। यह ना सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि इससे उनकी जान जाने का भी जोखिम रहता है।