गूगल (Google) ने एक ब्लॉगर के खाते में गलती से करीब ढाई लाख डॉलर (2.05 करोड़ रुपये) की रकम ट्रांसफर कर दी और करीब एक महीने तक उसे इसकी भनक भी नहीं लगी। यहां ब्लॉगर की ईमानदारी की तारीफ करनी पड़ेगी, जिसने करीब एक महीने के इंतजार बाद खुद सार्वजनिक तौर पर गूगल को यह जानकारी दी कि उसके खाते में गलती से पैसे आ गए हैं और गूगल को इसे वापस लेना चाहिए।
यह वाकया हुआ है ब्लॉगर सैम करी के साथ। सैम पेश से सिक्योरिटी इंजीनियर और एथिकल हैकर भी हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले एक ट्वीट में बताया, "गूगल ने गलती से मेरे खाते में 2,49,999 डॉलर भेज दिए और इस बात को 3 हफ्ते से कुछ ज्यादा दिन हो गए हैं। अभी तक मुझे उनकी तरफ से कोई मैसेज नहीं आया है। क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे मैं गूगल से संपर्क कर सकता हूं। वैसे अगर आप ये पैसे वापस नहीं चाहते हैं, फिर कोई बात नहीं हैं..."
कैरी ने बताया कि उन्होंने इसमें एक भी पैसा खर्च नहीं किया, ताकि अगर कंपनी कभी भी इसे मांगे तो वह इसे वापस दे सकें। कैरी ने बताया कि उन्हें एक समय यह चिंता होने लगी थी कि अगर गूगल ने सही समय पैसा वापस नहीं किया, तो उन्हें कहीं इस पर टैक्स न देना पड़ जाए।
हालांकि उनके ट्वीट करने के बाद गूगल ने उनसे संपर्क किया और कंपनी ने पैसे वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गूगल के एक प्रवक्ता ने बताया, "एक मानवीय चूक के चलते हमारी टीम ने हाल ही में एक गलत पार्टी को पैसे ट्रांसफर कर दिए थे। हमें इस बात की तारीफ करते हैं कि संबंधित पार्टी ने इस मामले में तुरंत जानकारी दी और हम हम इसे ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।"
Crypto.com को लगा 1 करोड़ डॉलर का चूना
बता दें कि कुछ महीने पहले ऐसा ही एक मामाल क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज, Crypto.com के साथ आया था, जहां उसने एक ऑस्ट्रेलिया महिला को 100 डॉलर वापस करने की जगह गलती से उसके खाते में 1 करोड़ डॉलर ट्रांसफर कर दिए थे। महिला ने पैसे मिलते ही उसे दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया और अपने उसे खाते को बंद कर दिया। कंपनी को करीब 7 महीने बाद इसकी भनक लगी।
बाद में Crypto.com ने इस मामले में एक ऑस्ट्रेलियाई कोर्ट में इस मामले में केस किया, जहां कोर्ट ने महिला को पैसे वापस लौटाने का आदेश दिया। हालांकि महिला ने तब तक उसमें से अधिकतर रकम खर्च कर दिए थे। इसमें कानूनी कार्यवाही अभी भी चल रही है।