Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में चौंकाने वाला मामला! गर्ल्‍स हॉस्‍टल में आधी रात को दरवाजा खटखटाते हैं गुंडे, 172 लड़कियों ने छोड़ा कॉलेज

Greater Noida College Shocker: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर स्थित कुमारी मायावती राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक कॉलेज की 187 लड़कियों में से 172 छात्राएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वह अपने हॉस्‍टल को छोड़कर घर लौट गई हैं। कॉलेज कैंपल में आधी रात के बाद कुछ लोगों के कथित रूप से घुसकर उन पर जासूसी करने का प्रयास करने के बाद यह घटना घटी है

अपडेटेड Oct 04, 2024 पर 11:07 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Greater Noida College Shocker: दावा है कि रविवार आधी रात के बाद कुछ लोगों का एक ग्रुप कॉलेज कैंपस में जबरन घुस गया था

Greater Noida College Shocker: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में कुमारी मायावती गवर्नमेंट गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाली 172 लड़कियों ने अपना गर्ल्‍स हॉस्‍टल छोड़ दिया है। लड़कियों का आरोप है कि रात में कुछ लोगों का ग्रुप उनके हॉस्टल में दाखिल होकर उनका दरवाजा खटखटाते थे। लड़कियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में ये लोग इस तरह बार-बार कॉलेज में ऐसी घुसपैठ कर चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह रविवार आधी रात के बाद कुछ लोगों का एक समूह कॉलेज कैंपस में जबरन घुस गया था। इस घटना के बाद सोमवार को कॉलेज कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी हुए।

हॉस्टल में रहने वाली एक फर्स्ट ईयर की छात्रा ने TOI को बताया, "हम सभी डर गए थे, क्योंकि हमने पाया कि यह 25 से 40 वर्ष की आयु के कुछ पुरुषों का समूह था, जो खिड़कियों से झांक रहे थे। जब हमने मदद के लिए चिल्लाया, तब भी हमारी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था।" वह सोमवार को ग्रेटर नोएडा से गोरखपुर में स्थित अपने घर लौट आई।

इसी तरह एक सेकंड ईयर की छात्रा अलीगढ़ में अपने घर वापस चली गई है। उसने अखबार से बातचीत में हॉस्टल में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। इसकी अधिक जानकारी देते हुए उसने कहा कि महिलाएं जासूसी के डर से रात में शौचालय का उपयोग करने से बचती हैं।


एक अन्य छात्रा ने कहा कि महिलाएं इसी डर से रात में शौचालय जाने से बचती हैं। उसने कहा, 'सुरक्षित महसूस करने के लिए, हॉस्टल में रहने वाली सभी 15 लड़कियां एक कमरे में रहने लगी हैं। ये सभी रात में जागकर निगरानी करती हैं।' यह छात्रा भी अपने वापस चली गई।

कॉलेज के प्रिंसिपल श्याम नारायण सिंह ने प्रकाशन को बताया कि कॉलेज में शुरू में केवल एक हॉस्टल था, लेकिन बाद में इसका विस्तार किया गया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कॉलेज कैंपस में कम से कम 12 गार्ड और छात्रावास वार्डन के लिए विभिन्न पदों की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, "2002 में खुलने के बाद से कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के लिए केवल चार पद हैं। दिन में दो गार्ड और रात में दो गार्ड वैकल्पिक शिफ्ट में तैनात किए जाते हैं। अगर उनमें से एक भी छुट्टी पर चला जाता है, तो मैनेज करना मुश्किल हो जाता है।"

ये भी पढ़ें- Amethi Murder Case: अमेठी में सरकारी टीचर, उनकी पत्नी और 2 मासूम बेटियों की गोली मारकर हत्या, सीएम योगी का 'सख्त कार्रवाई' का वादा

कॉलेज मैनेजमेंट की रिपोर्ट है कि कैंपस में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रावधान है, लेकिन आज तक केवल 10 ही लगाए गए हैं। इनमें से, वर्तमान में केवल छह ही काम कर रहे हैं। छात्रों की चिंताओं को बढ़ाते हुए हाल के हफ्तों में कैंपसल में ड्रोन देखे जाने की भी सूचना दी गई।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।