जम्मू-कश्मीर में जालसाजी का एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है। कश्मीर पहुंचे गुजरात के एक शख्स ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का एक बड़ा अधिकारी बताकर धोखे से बुलेट प्रूफ SUV के साथ जेड प्लस सिक्योरिटी कवर हासिल कर लिया। इतना ही नहीं वह हमेशा फाइव स्टार होटल में रुकता था। मामले का खुलासा होने के बाद खुद को PMO में अधिकारी के रूप में पेश करने वाले जालसाज किरण पटेल (Kiran Patel) को गिरफ्तार कर लिया गया है। कश्मीर पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में खुद को एडिशनल डायरेक्टर (Strategy & Campaigns) होने का दावा करने वाले गुजरात से आए किरण भाई पटेल को 3 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन इसे सीक्रेट रखा गया था।
