गुजरात की एक दवा कंपनी को फार्मा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (Pharmexcil) ने गुरुवार को एक कारण बताओ नोटिस भेजा है। यह नोटिस इस फार्मा कंपनी Indiana Ophthalmics के आई ड्रॉप के चलते श्रीलंका में संक्रमण के मामले सामने आने को लेकर भेजा गया है। नोटिस में फार्मेक्सिल के डायरेक्टर जनरल उदय भास्कर ने चिंता जताई है कि इस प्रकार के आई ड्रॉप की निर्यात के चलते भारतीय फार्मा इंडस्ट्री की छवि को छटका लगा है और इससे भारतीय दवाओं के निर्यात पर वैश्विक एजेंसियों का भरोसा डगमगा सकता है। इस कंपनी से जब मनीकंट्रोल ने मेथिलप्रिडनीसोलोन (Methylprednisolone) आई ड्राप की घरेलू मार्केट में सप्लाई से जुड़े सवाल पूछे तो कंपनी की तरफ कोई जवाब नहीं मिला। इस कंपनी का कारोबार भारत समेत दुनिया के 30 से अधिक देशों में फैला हुआ है।
