गुजरात के अहमदाबाद जिले में पुलिस के एक कुत्ते ने ₹1.07 करोड़ की चोरी के मामले को सुलझाने में मदद की और दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि डोबर्मन पेनी ने दो आरोपियों-बुद्धा सोलंकी और उसके साथी विक्रम सोलंकी को पकड़ लिया और पुलिस ने 12 अक्टूबर को कथित तौर पर चुराई गई पूरी रकम बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, एक 52 साल के किसान ने अपने गांव के पास लोथल पुरातात्विक स्थल के पास जमीन का एक टुकड़ा बेचा, जिससे उसे ₹1.07 करोड़ मिले। कोथ पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर पीएन गोहिल ने कहा कि किसान 12 अक्टूबर को अपने घर पर ताला लगाकर किसी काम से आनंद जिले के तारापुर गया था।
गोहिल ने कहा, "किसान इस रकम से जमीन का एक और टुकड़ा खरीदने की योजना बना रहा था, इसलिए उसने 10 अक्टूबर को कैश को दो प्लास्टिक बैगों में भर दिया और उन्हें अपने जर्जर कच्चे घर के अंदर रख दिया।"
उन्होंने आगे बताया, "12 अक्टूबर की रात, कुछ लोग खिड़की के पास से कुछ ईंटें हटाकर घर में घुस गए और बैग लेकर फरार हो गए।"
पुलिस ने कहा कि उन्हें अगले दिन चोरी की जानकारी दी गई और फिर उन्होंने इलाके के 30 संदिग्धों और 14 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ शुरू की।
चोरों जिस रास्ते से आए थे, उसका पता लगाने के लिए पुलिस पेनी के साथ एक डॉग स्क्वायड भी ले गई।
कुत्ते ने ऐसे सॉल्व किया केस
अधिकारी ने बताया, "गुरुवार को, पेनी बुद्ध के घर से कुछ दूरी पर एक जगह पर रुका। वह पहले से ही हमारी संदिग्धों की लिस्ट में था, क्योंकि उसे भी कैश के बारे में पता था। जब आरोपी दूसरे संदिग्धों के साथ खड़ा था, तो पेनी थोड़ी देर के लिए उसके पास रुका।"
इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा और ₹53.9 लाख मिले। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात कबूल कर ली और पुलिस को विक्रम की संलिप्तता के बारे में भी बताया। बाकी रकम गांव में विक्रम के घर पर मिली।
गोहिल ने कहा, "बुद्ध को पता था कि किसान घर से बाहर होगा, उसने विक्रम के साथ एक योजना बनाई और पैसे चुरा लिए। उन्होंने लूट का माल बराबर बांट लिया और घर चले गए।" उन्होंने बताया कि दोनों को चोरी और घर में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।