हरियाणा का नूंह जिला इन दिनों भारी अराजकता से जूझ रहा है। इलाके में हिंसा और दंगे जैसे हालात बने हुए हैं। प्रसाशन ने पूरे इलाके में कर्फ्यू भी लगा दिया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में इंटरनेट सर्विसेज और बल्क एसएमएस पर भी रोक लगा दी गई है। अब इस रोक को आगे भी बढ़ा दिया गया है। हरियाणा के नूंह में वॉइस कॉल को छोड़ कर मोबाइल नेटवर्क पर मिलने वाली सर्विसेज जैसे कि इंटरनेट, बल्क एसएमएस और सभी डोंगल सर्विसेज पर रोक को 8 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। वहीं अधिकारियों ने शनिवार को नूंह में कई सारे अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कहा जा रहा है कि इनमें से कुछ निर्माण कथित रूप से हिंसा में शामिल लोगों के भी थे।
पुलिस कर रही है गिरफ्तारी
वहीं हरियाणा के नूंह में फैली आराजकता के मामले में पुलिस ने अभी तक 200 से भी ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने एहतियातन 80 लोगों को हिरासत में भी लिया है और 104 FIR दर्ज की गई हैं। यह हिंसा उस वक्त भड़की थी जब 31 जुलाई के दिन एक धार्मिक जुलूस पर भीड़ ने हमला कर दिया था। नूंह में हालातों को जल्द से जल्द सामान्य करन के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आता दिख रहा है।
मीडिया में चल रही खबर के मुताबिक नूंह के पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि दंगाइयों को किसी भी कीमत नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस ने शांति सुनिश्चत करने के लिए जिले के सभी उपमंडलों में फ्लैग मार्च निकाला। इसके अलावा जिले में दंगा रोधी यूनिट को भी बड़ी संख्या में तैनात कर दिया गया है। वहीं नूंह के जिलाअधिकारी का कहना है कि शुनिवार को दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे कर कर्फ्यू में ढील दी गई थी। इसके अलावा रविवार को भी कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। लोग रविवार को सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक जरूरत के सामान खरीद पाएंगे।