UP News: स्कूल की 'तरक्की' के लिए दूसरी क्लास के मासूम बच्चे की दे दी बलि! हैवान स्कूल डायरेक्टर समेत 5 गिरफ्तार

Hathras Black Magic: उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हाथरस में कक्षा 2 के एक छात्र की उसके स्कूल के हॉस्टल में कथित तौर पर हत्या कर दी गई, जिसका उद्देश्य डीएल पब्लिक स्कूल में सफलता लाने के लिए एक काला जादू अनुष्ठान करना था। स्कूल के डायरेक्टर दिनेश बघेल और तीन शिक्षकों सहित पांच व्यक्तियों को मामले में गिरफ्तार किया गया है

अपडेटेड Sep 27, 2024 पर 1:27 PM
Hathras Black Magic: हाथरस के एक निजी स्कूल में कक्षा 2 के छात्र की "काले जादू" के तहत "बलि" दे दी गई

UP Hathras Black Magic: उत्तर प्रदेश के हाथरस से मानवता को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हाथरस जिले में एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र की हॉस्टल में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में स्कूल के डायरेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल की तरक्की के लिए स्कूल डायरेक्टर और उसके तांत्रिक पिता ने कक्षा दो के छात्र की बलि दे दी। पुलिस ने शुक्रवार (27 सितंबर) को बताया कि निजी स्कूल में कक्षा 2 के छात्र की "काले जादू" के तहत "बलि" दे दी गई।

कथित तौर पर इस सप्ताह की शुरुआत में रसगवां गांव में स्थित डीएल पब्लिक स्कूल को "सफलता" दिलाने के लिए उसके स्कूल के हॉस्टल में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि मामले में स्कूल के डायरेक्टर, उसके पिता और तीन टीचर्स समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पिता को दी गलत जानकारी


पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर ने पीटीआई को बताया कि सहपऊ थाना क्षेत्र में स्थित निजी स्कूल की दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला एक बच्चा सोमवार 23 सितंबर को हॉस्टल में मृत पाया गया था। छात्र के पिता कृष्ण कुशवाहा का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें सूचना दी थी कि उनका बेटा बीमार है।

स्कूल पहुंचने पर पता चला कि स्कूल के डायरेक्टर दिनेश बघेल उसे अपनी कार से अस्पताल ले गए हैं। माथुर के मुताबिक, कुशवाहा ने पुलिस से की गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में उन्हें स्कूल डायरेक्टर दिनेश बघेल मिले और उन्होंने बघेल की कार से अपने बेटे का शव बरामद किया।

पांच पर हत्या का आरोप

उन्होंने बघेल और चार अज्ञात लोगों पर अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में सहपऊ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की जांच की जा रही है।

'बलि' में हुआ फेल तो गला दबाकर कर दी हत्या

इंडिया टुडे के मुताबिक स्कूल की तरक्की के लिए कक्षा 2 में पढ़ने वाले बच्चे की बलि देने का प्लान था। लेकिन योजना फेल होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने यह भी बताया कि स्कूल संचालक दिनेश बघेल के पिता "काले जादू" में विश्वास करते थे।

पुलिस सूत्रों ने NDTV को बताया, आरोपी पहले युवक को स्कूल के बाहर ट्यूबवेल के पास मारना चाहते थे। लेकिन, जब वे उसे हॉस्टल से बाहर ले जा रहे थे, तो वह चीखने लगा, जिससे उन्हें मजबूरन उसका गला घोंटकर हत्या करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें- Riya Barde Arrested: बांग्लादेशी पोर्न स्टार रिया बर्डे गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों के साथ भारत में रहने का आरोप

जांच के दौरान स्कूल के पास से "काले जादू" से जुड़ी चीजें बरामद की गईं। आरोपी ने इससे पहले 6 सितंबर को 9 वर्षीय एक अन्य छात्र की "बलि" देने की कोशिश की थी, लेकिन वह असफल रहा था। छात्र के पिता कृष्ण कुशवाह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, स्कूल प्रशासन की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि उनका बेटा बीमार पड़ गया है। यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।