Health Tips: पेट फूलने की समस्या आजकल आम हो गई है। खासतौर से सिटिंग जॉब वाले लोग इस समस्या से ज्यादा परेशान हैं। एक स्टडी के मुताबिक, लगभग 16-31 फीसदी आबादी खाना खाने के बाद ब्लोटिंग यानी पेट फूलने की शिकायत करती है। जैसे ही कुछ खाते हैं, थोड़ी देर बाद महसूस होने लगता है कि बहुत ज्यादा खा लिया। इसकी वजह से कई बार आपको डकार भी आने लगती है। इसका मूल कारण पेट में अत्यधिक गैस का जमा हो जाना है। जिससे पाचन क्रिया पर असर पड़ता है। ऐसे में पेट में सूजन और असहज महसूस होता है।
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं तो आपको अपने खानपान में कुछ विशेष बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। सबसे पहले हम यह जानते हैं कि आखिर पेट क्यों फूलने लगता है?
पेट के एब्डोमिनल एरिया में सूजन आने के कारण गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट में बड़ी मात्रा में हवा या गैस जमा हो जाती है। इसके अलावा भोजन के बाद जब शरीर भोजन को पचाता है। तब अत्यधिक मात्रा में गैस पैदा होती है। वहीं कुछ लोग भोजन के समय मुंह के जरिए बहुत सारी हवा निगल लेते हैं। इस कारण भी ब्लोटिंग की समस्या उत्पन्न होती है। पेट में ज्यादा गैस जमा होने के कारण पेट फूलने और डकार की समस्या आती है। इससे इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम या फूड इनटॉलरेंस की समस्या पैदा हो सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि खाना खाने के बाद पेट का फूलना या एक ब्लोटिंग की फीलिंग होना या पेट तन जाना, ये तीनों फीलिंग एक सामान्य बात है। ब्लोटिंग इस बात पर निर्भर करती है कि आपने कितना खाना खाया या आपने क्या खाया। इसके अलावा आपने खाना कितनी तेजी से खाया। खाने में ज्यादा नमक के उपयोग से भी ब्लोटिंग की समस्या आ सकती है।
भोजन करने में जल्दबाजी न करें
हमें बचपन से ही भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाने की सलाह दी जाती है। दरअसल, खाते-पीते समय बात करने और जल्दबाजी करने की वजह से हवा पेट में प्रवेश कर जाती है। जिससे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट में अधिक गैस जमा हो जाती है। जो लोग खाने या पीने में जल्दीबाजी करते हैं, उन्हें पेट में सूजन आने की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में भोजन आराम से करना चाहिए।
खाने से आधे घंटे पहले नींबू पानी पिएं
नींबू पेट के लिए काफी अच्छा होता है। इसलिए आपको खाना खाने से 30 मिनट पहले नींबू पानी पीना चाहिए। नींबू पानी आपके पाचन तंत्र को शांत करके पीएच लेवल संतुलित करता है।
कुछ दाल खाने से पेट फूलने की शिकायत हो सकती है। इस से बचने के लिए दाल में एक चुटकी हींग जरूर डालें। हींग डायजेस्टिव फायर को बढ़ाता है, जिससे खाना जल्दी पचता है और पेट नहीं फूलता।
लंच में दही के साथ कुछ पुदीने की पत्तियां मिलाकर खाएं। यह उपाय आपके पेट में डायजेस्टिव एंजाइम को सक्रिय करता है और पाचन को बढ़ाता है।
अजवाइन, हींग और सेंधा नमक, ये तीनों ही डायजेशन इंप्रूव करने, गैस बनने से रोकने और अपच की समस्या से बचाने का काम करते हैं। इसलिए इन्हें खाने से पेट फूलने की समस्या दूर रहती है।
इन सभी को मिक्स करके गर्म पानी के साथ इन्हें खा लें। जब भी भोजन करें। उसके आधा घंटा बाद इस मिक्स का सेवन करेंगे तो पेट फूलने की समस्या नहीं होगी। अगर आपको अचानक से गैस बनने की समस्या हो रही है या कुछ खाने के बाद कभी-कभार पेट फूलने की समस्या होती है तो आप अजवाइन और सेंधा नमक के इस मिक्स को भोजन के आधा घंटा बाद गुनगुने पानी से खा सकते हैं।