मई का महीना शुरू हो चुका है। देश के कई इलाके चिलचिलाती गर्मी की मार झेल रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने 7 मई के दिन कर्नाटक के 14 जिलों में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 मई को यहां मतदान भी होना है। पिछले कुछ दिनों से इन इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं बेंगलुरु में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों में गर्मी से बचने के इंतजाम किए हैं। ताकि भीषण गर्मी की वजह से मतदान की रफ्तार कम न हो।
वहीं कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (Karnataka State Natural Disaster Monitoring Centre -KSNDMC) ने 9 मई तक पांच जिलों - बागलकोट, बेलगावी, धारवाड़, हावेरी और कोप्पल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। चिक्कोडी, बेलगाम, बागलकोट, बीजापुर, गुलबर्गा, रायचूर, बीदर, कोप्पल, बेल्लारी, हावेरी, धारवाड़, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और शिमोगा में 7 मई को वोटिंग होगी।
मतदान केंद्रों में गर्मी से बचाव के किए गए उपाय
मतदाताओं को भीषण गर्मी में वोट डालने में दिक्कत न हो, इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से कई उपाय किए गए हैं। मतदान केंद्रों में तंबू लगाए गए हैं। वहीं अतिरिक्त पंखे भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही कुर्सियां रखी गई हैं। पीने के पानी का भी इंतजाम किया गया है। इतना ही नहीं मतदान केंद्रों में एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 7 दिनों से कलबुर्गी जिला (गुलबर्गा लोकसभा क्षेत्र) में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
बेंगलुरु में बारिश के आसार
वहीं मौसम विभाग ने बेंगलुरु के शहरी और ग्रामीण दोनों जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जाताई है। बेंगलुरु में मौसम विभाग के डायरेक्टर सी एस पाटिल के मुताबिक, कर्नाटक में 5 मई को 4 सेमी बारिश हुई थी। बेंगलुरु शहर में अधिकतम तापमान औसतन 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी तना ही रहने की संभावना जताई गई है। बेंगलुरु में पिछले 4 दिनों में 4 मिमी से 30 मिमी बारिश हुई है। वहीं होसाकोटे जिले में भारी बारिश हुई है। यहां 3 मई को 79.5 मिमी बारिश हुई।
दिल्ली में गर्मी बढ़ने के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में रोज का रोज तापमान बढ़ रहा है। दिल्ली में रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है। काफी दिनों से दिल्ली का तापमान बाकी राज्यों से कम था। रविवार को तापमान बढ़ने के बाद आने वाले दिनों में राजधानी में लू चलने के भी आसार जताए जा रहे हैं। रविवार को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में 43.2 और पीतपुरा में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।