Weather Updates: देश के कई इलाकों में लोग चिलचिलाती गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। वहीं कुछ इलाकों में बारिश की बी संभावना जताई गई है। इस बीच मौसम विभाग (Meteorological Department -IMD) की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, तीन राज्यों में लू का दौरा जारी रह सकता है। वहीं उत्तर-पूर्वी राज्यों में आने वाले कुछ दिनों बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में आज (8 मई 2024) हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान में 9 मई तक और मध्य प्रदेश में 10 मई तक लू चलने की आशंका जताई गई है।
वहीं मौसम विभाग की मानें तो 8 मई को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। झारखंड में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। अगले दो-तीन दिन बिहार की राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, हाजीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, गया, नवादा, किशनगंज, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है।
दिल्ली में 9 मई तक तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। वहीं 10 से 13 मई के बीच दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। एनसीआर और राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पारा इससे भी ऊपर गया है। यूपी की बात करें तो यहां भी अधिकतर जिलों में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 8 से 11 मई के बीच बारिश होने की संभावना है।
देश के अन्य हिस्सों में अगले 2-3 दिन के मौसम की बात करें तो कई जगह बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटे में झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों और विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम के आसार हैं।