Delhi Heatwave: अब आसमान में भी प्रचंड गर्मी का कहर, SpiceJet फ्लाइट में AC नहीं चलने से यात्रियों का हुआ बुरा हाल, कई बीमार

Delhi Heatwave: यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, मंगलवार को रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई

अपडेटेड Jun 19, 2024 पर 2:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Heatwave: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीट वेव जारी है

Delhi Heatwave: दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रहे स्पाइसजेट में यात्रियों को भीषण गर्मी के बीच एक घंटे से अधिक समय तक बिना एयर कंडीशनिंग (AC) वाले फ्लाइट के अंदर इंतजार करना पड़ा। इस वजह से कई यात्रियों की तबीयत खराब हो गई। यह घटना स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 476 में हुई। बता दें कि राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, मंगलवार को रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

स्पाइसजेट के यात्री रोहन कुमार ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "मैं स्पाइसजेट से दिल्ली से दरभंगा जा रहा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर चेक-इन के बाद, उन्होंने एक घंटे तक एयर-कंडीशनिंग (AC) चालू नहीं किया... अंदर (फ्लाइट) का तापमान 40 डिग्री था। यात्रियों को परेशानी हो रही थी। जब फ्लाइट ने उड़ान भरी, तब एयर-कंडीशनिंग (AC) चालू किया गया।"

यात्रियों ने कहा कि उन्हें एक घंटे से अधिक समय तक परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ यात्रियों ने शिकायत की है कि वे अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं। घटना के सामने आए एक वीडियो में फ्लाइट में सवार यात्रियों को बहुत पसीना आते दिख रहा है। यात्रियों ने कहा कि एयर कंडीशनिंग तभी चालू की गई जब फ्लाइट ने उड़ान भरी।


भीषण गर्मी के चपेट में उत्तर भारत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि उत्तर प्रदेश, दक्षिण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिण बिहार और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

भीषण गर्मी पड़ने के दौरान, पिछले 24 घंटों में नोएडा के विभिन्न इलाकों में 7 लोग बिना किसी चोट के मृत पाए गए। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि इनकी मौतों के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जलाशयों और नदियों में जल स्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। सिंचाई के लिए पानी की कमी से कुछ क्षेत्रों में खेती पर असर पड़ा है।

दिल्ली में ऐतिहासिक गर्मी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 12 साल बाद सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से आठ डिग्री अधिक है। भीषण जल संकट से जूझ रही दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस समय के लिए सामान्य से कम से कम छह डिग्री अधिक है।

मंगलवार दोपहर को राष्ट्रीय राजधानी की अधिकतम बिजली मांग 8,647 मेगावाट तक पहुंच गई जो शहर के लिए अब तक की सबसे अधिक है। दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों में गर्मी के कारण लू लगने की समस्या वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है क्योंकि पारा लगातार बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में कम से कम 10 स्थानों पर मंगलवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया या उससे अधिक हो गया। उत्तर प्रदेश का ओरई 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

राजस्थान में पारा 50 के पार

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को दिन के तापमान में सोमवार के मुकाबले मामूली गिरावट के बावजूद गर्मी का असर बरकरार रहा। संगरिया 44.9 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। पिछले कुछ हफ्तों में राजस्थान में दो बार तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली में लगातार 36 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें- किरण चौधरी अपनी बेटी श्रुति के साथ BJP में शामिल, हरियाणा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।