रंगों का महापर्व होली बस आने ही वाला है और तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में रंग-बिरंगे गुलाल और पिचकारियां सज चुकी हैं, लेकिन क्या आपने सोचा है कि वहां मिलने वाले केमिकल युक्त रंग आपकी त्वचा और सेहत के लिए कितने खतरनाक हो सकते हैं? ये रंग स्किन एलर्जी, खुजली और आंखों में जलन का कारण बन सकते हैं। ऐसे में त्योहार की मस्ती कहीं परेशानी में न बदल जाए। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं! होली में अब सिर्फ एक दिन बचा है, तो क्यों न इस बार इसे नेचुरल और स्किन-फ्रेंडली तरीके से मनाएं?
आप घर पर ही आसानी से ऑर्गेनिक रंग तैयार कर सकते हैं, जो सुरक्षित, किफायती और त्वचा के लिए फायदेमंद भी होंगे। आइए जानते हैं कैसे कुछ आसान तरीकों से आप घर पर ही प्राकृतिक रंग बना सकते हैं और इस होली को यादगार बना सकते हैं।
अगर आप होली में पीले रंग की रौनक लाना चाहते हैं, तो इसे बनाना बेहद आसान है।
हल्दी पाउडर और अरारोट पाउडर को बराबर मात्रा में मिलाएं।
इसे और अधिक फ्रेश और सुगंधित बनाने के लिए सुखाए हुए संतरे के छिलकों का पाउडर भी मिला सकते हैं।
ये रंग न सिर्फ खूबसूरत दिखेगा, बल्कि आपकी स्किन को भी चमकदार बनाएगा।
अगर आप हल्का पीला और सौम्य रंग चाहते हैं, तो ये उपाय आजमाएं।
हल्दी और अरारोट में थोड़ी मात्रा में बेसन और चंदन पाउडर मिला लें।
चंदन की खुशबू आपको तरोताजा कर देगी और ये रंग स्किन पर ग्लो भी लाएगा।
अगर आपको गुलाबी और कोमल रंग पसंद है, तो इसे घर पर बनाना बहुत आसान है।
चुकंदर को सुखाकर उसका पाउडर बना लें।
इसमें थोड़ा कॉर्न स्टार्च मिलाएं, जिससे रंग का टेक्सचर हल्का और मुलायम बने।
चुकंदर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी त्वचा को पोषण देंगे, साथ ही ये रंग हटाने में भी आसान रहेगा।
अगर आपको होली में डार्क शेड्स पसंद हैं, तो ये शानदार उपाय अपनाएं।
चावल के आटे को हिबिस्कस (गुड़हल) पाउडर के साथ मिलाएं।
अगर आपके पास हिबिस्कस पाउडर नहीं है, तो गुड़हल के फूलों को सुखाकर उनका पाउडर बना सकते हैं।
ये रंग न केवल दिखने में आकर्षक होगा, बल्कि त्वचा के लिए भी फायदेमंद रहेगा।
अब जब आपको घर पर ऑर्गेनिक रंग बनाने के आसान और मजेदार तरीके पता चल गए हैं, तो इस होली केमिकल वाले रंगों से दूरी बनाएं और नेचुरल रंगों के साथ त्योहार का आनंद लें। ये रंग सिर्फ आपकी त्वचा को सुरक्षित नहीं रखेंगे, बल्कि आपकी होली को और भी यादगार बना देंगे।